हिन्दुस्तान मिरर न्यूज,28 जून 2025
इटावा बकवेर, भगवताचार्यों के समर्थकों के उपद्रव के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए बकवेर और दांदरपुर गांव में बीते गुरुवार को हुए बवाल के मुख्य आरोपी गगन यादव समेत 20 लोगों को नामजद किया है, जबकि 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी गगन यादव फरार है।
प्रशासन ने गगन की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की हैं। जानकारी के मुताबिक, यादव समाज द्वारा आरक्षण की मांग को लेकर की गई पंचायत के बाद बवाल हुआ, जिसमें जमकर आगजनी और नारेबाजी की गई थी। पुलिस को हालात काबू में लाने के लिए लाठीचार्ज तक करना पड़ा।
घटना की जांच के लिए उच्चाधिकारियों की टीम गठित कर दी गई है। वहीं दो आधार कार्ड रखने के मामले में एससी आयोग के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के समधी आनंद यादव ने भी सफाई दी कि यह मामला असामान्य नहीं है और जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि अब तक की जांच में जिन लोगों की पहचान हुई है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी ने यह भी बताया कि धारा 420, 147, 148, 149, 336, 353, 504, 506 सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
उधर, जिस गगन यादव को नौ घंटे तक पुलिस निगरानी में रखा गया था, वह पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार हो गया। पुलिस अब गगन की तलाश में होटलों और अन्य ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
प्रशासन का कहना है कि किसी भी सूरत में उपद्रव फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी आरोपियों को न्याय के दायरे में लाया जाएगा।














