हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को यूएई में खेले जाने वाले मैच को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में बवाल मच गया है। उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) ने इस मैच का जोरदार विरोध किया है। पार्टी का कहना है कि पाकिस्तान जब तक आतंक फैलाता रहेगा, तब तक भारत को उससे किसी भी प्रकार का खेल या व्यापारिक संबंध नहीं रखना चाहिए।
उद्धव ठाकरे का हमला
उद्धव ठाकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके पुराने बयान “खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते” की याद दिलाई। ठाकरे ने सवाल किया कि “अब खून और क्रिकेट एक साथ कैसे बहेंगे, यह मोदी को बताना चाहिए।” शिवसेना (UBT) ने 14 सितंबर को राज्यव्यापी ‘माझं कुंकू-माझा देश’ आंदोलन का ऐलान किया है।
प्रियंका चतुर्वेदी का बयान
शिवसेना (UBT) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी इस मैच पर आपत्ति जताई। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का हवाला देते हुए कहा कि उस समय साफ संदेश दिया गया था कि जब तक हमारे देशवासियों का खून बहता रहेगा, तब तक न व्यापार होगा, न बातचीत और न ही पानी बहेगा। उन्होंने पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जिक्र किया, जिसमें 26 जवान शहीद हुए और 26 महिलाएं विधवा हुईं। प्रियंका ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान के खिलाड़ी भारत का मजाक उड़ाते हैं और शहीदों के परिवारों की आपत्तिजनक तस्वीरें पोस्ट करते हैं। उन्होंने गृह मंत्री से मैच रद्द करने और इसके लाइव प्रसारण पर रोक लगाने की मांग की।
अजित पवार की प्रतिक्रिया
इस विवाद पर उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि 140 करोड़ की आबादी वाले देश में अलग-अलग विचार होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि “दोनों वर्गों के लोग हैं, सबकी अपनी राय है। मेरी जानकारी में मैच होगा क्योंकि निर्णय लिया जा चुका है।”
भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर जहां शिवसेना (UBT) सड़कों पर उतरने की तैयारी में है, वहीं सरकार और क्रिकेट बोर्ड की ओर से संकेत है कि मैच तय कार्यक्रम के अनुसार खेला जाएगा।













