नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण पर चिंता जताते हुए पराली जलाने वाले किसानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बुधवार को हुई सुनवाई के दौरान अदालत ने साफ कहा कि केवल जुर्माना लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि नियम तोड़ने वालों को जेल भेजना जरूरी है।
मुख्य न्यायाधीश बी.आर. गवई और न्यायमूर्ति के. विनोद चंद्रन की पीठ ने टिप्पणी की कि कुछ किसानों को जेल भेजने से सख्त संदेश जाएगा और समस्या पर काबू पाया जा सकेगा। अदालत ने कहा कि किसान अन्नदाता हैं, लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि उन्हें पराली जलाने की खुली छूट दी जाए।
सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पंजाब में सर्दियों के दौरान पराली जलाने से वायु प्रदूषण की स्थिति गंभीर होती है। अदालत ने सरकार और एजेंसियों से इस मुद्दे पर सख्त कदम उठाने को कहा।













