हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
नगला प्रेमी गांव में दिल दहला देने वाली वारदात, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
एटा जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित नगला प्रेमी गांव में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार के चार सदस्यों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने बुजुर्ग दंपती, उनकी पुत्रवधू और नातिन को ईंटों व भारी हथियारों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात इतनी क्रूर थी कि सभी के चेहरे बुरी तरह कुचल दिए गए। न तो लूट का कोई स्पष्ट कारण सामने आया है और न ही किसी रंजिश की पुष्टि हो सकी है, जिससे पुलिस भी असमंजस में है।

घर में घुसकर किया गया सुनियोजित हमला
एटा–शिकोहाबाद रोड के पास बसे नगला प्रेमी गांव में रहने वाले 70 वर्षीय गंगा सिंह, उनकी पत्नी 65 वर्षीय श्यामा देवी, पुत्रवधू 40 वर्षीय रत्ना और 19 वर्षीय नातिन ज्योति की हत्या की गई। घटना के समय गंगा सिंह और उनकी पत्नी नीचे के कमरे में थे, जबकि रत्ना और ज्योति ऊपर मौजूद थीं। हमलावरों ने पहले नीचे सो रहे गंगा सिंह पर हमला किया, फिर श्यामा देवी को निशाना बनाया। इसके बाद वे ऊपर पहुंचे और रत्ना व ज्योति की भी बेरहमी से हत्या कर दी।
पांचवीं के छात्र ने देखा भयावह मंजर
घटना के वक्त परिवार के अन्य सदस्य घर पर नहीं थे। दोपहर करीब 2:15 बजे जब कक्षा पांच का छात्र देवांश स्कूल से लौटा, तो उसने घर के भीतर खून से सना भयावह दृश्य देखा। वह घबराकर बाहर भागा और चीख-पुकार मचाई, तब ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई।
फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड जांच में जुटे
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को सील कर दिया। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया। घटनास्थल से खून से सनी ईंट बरामद हुई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हमलावर घर के किस गेट से दाखिल हुए, क्योंकि मकान के दो गेट अलग-अलग गलियों में खुलते हैं।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
मृतक ज्योति की शादी चंडीगढ़ में तय हो चुकी थी और परिवार उसकी तैयारियों में जुटा था। लेकिन इस वारदात ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हर पहलू से जांच जारी है।

















