हिन्दुस्तान मिरर न्यूज,28 जून 2025
अलीगढ़। महुआखेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव पानखानी में शुक्रवार को ज़मीन विवाद को लेकर भारी हंगामा हो गया। गांव के ही निवासी राजेश शर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता साहब सिंह राजपूत ने जबरन उनकी जमीन पर सड़क निर्माण के लिए मिट्टी डलवाने का कार्य शुरू करा दिया। इस दौरान कई हथियारबंद लोगों की मौजूदगी से तनाव और बढ़ गया।
राजेश शर्मा ने पुलिस को सूचित किया कि जिस भूमि पर काम हो रहा है, वह उनके स्वामित्व में है और इस मामले में अदालत में मुकदमा भी विचाराधीन है। हालांकि स्थगन आदेश (स्टे ऑर्डर) हट चुका है, लेकिन भूमि स्वामित्व का मामला अब भी न्यायालय में लंबित है। राजेश का आरोप है कि भाजपा नेता के प्रभाव के चलते पुलिस ने काम रुकवाने की बजाय केवल औपचारिक कार्रवाई कर के लौट गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को देखते हुए दोनों पक्षों को थाने ले आई। यहां दोनों पक्षों ने अपने-अपने दस्तावेज प्रस्तुत किए। भाजपा नेता साहब सिंह राजपूत ने कहा कि वह जिस भूमि पर कार्य करवा रहे हैं, उसके वैध दस्तावेज उनके पास हैं और कुछ लोग इस मामले को जानबूझकर विवादित बना रहे हैं। उनका दावा है कि यह कार्य जनहित में किया जा रहा है, न कि निजी स्वार्थ में।














