हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
सोने-चांदी की महंगाई को लेकर BJP पर निशाना
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। कन्नौज और गुरसहायगंज में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार नहीं चाहती कि गरीब आदमी अपनी बेटी की शादी में सोने-चांदी के आभूषण खरीद सके। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा चाहती है कि लोग पीतल के जेवर पहनें। उन्होंने आरोप लगाया कि जब से “भाजपाई सोना खरीदकर जमा करने लगे हैं, तब से सोने के दाम आसमान छूने लगे हैं।”
विधानसभा चुनाव और जातिवार गणना का मुद्दा
अखिलेश यादव ने साफ किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का एक ही नारा होगा—“भाजपा हटाओ।” उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को देश में जातिवार जनगणना करानी चाहिए, ताकि समाज के सभी वर्गों की वास्तविक स्थिति सामने आ सके और उसी आधार पर नीतियां बनाई जाएं।
सरकार पर नियंत्रण और नए कानून का आरोप
यूजीसी से जुड़े सवाल पर गोलमाल जवाब देते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि सरकार एक ऐसा कानून लाने जा रही है, जिसके तहत आम आदमी जो भी खरीदेगा, उसका पूरा हिसाब सरकार के पास होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार देश और अन्य राजनीतिक दलों पर पूरी तरह कंट्रोल चाहती है।
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के अपमान का आरोप
अखिलेश यादव ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के साथ कथित बदसलूकी के मामले में सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बिना सरकार के इशारे के अफसरों में इतनी हिम्मत नहीं कि वे शंकराचार्य का अपमान करें। सरकार के पास उनके सवालों का कोई जवाब नहीं है और अब तक माफी भी नहीं मांगी गई है।
प्लेन हादसे और वैक्सीन पर सवाल
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम के प्लेन हादसे को लेकर अखिलेश यादव ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि जब विजिबिलिटी तीन किलोमीटर थी, तो हादसा कैसे हुआ—इसकी गहराई से जांच होनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कोरोना वैक्सीन को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जिन लोगों की वैक्सीन के बाद मौत हुई, उनकी गिनती कराकर रिसर्च होनी चाहिए।
















