हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम हुए धमाके को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों ने पुष्टि की है कि ब्लास्ट में इस्तेमाल की गई i20 कार का चालक डॉक्टर उमर था। DNA टेस्ट में उसकी मां के सैंपल कार से मिले हड्डियों और दांतों से मैच हो गए हैं। सरकार ने अब इस विस्फोट को आतंकी हमला घोषित कर दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, विस्फोट के बाद उमर का पैर स्टीयरिंग और एक्सीलेटर के बीच फंसा पाया गया। बताया जा रहा है कि हाल ही में देश के कई हिस्सों में हुई आतंकियों की गिरफ्तारी और विस्फोटक बरामदगी के बाद उमर दबाव में था। इसी डर से उसने जल्दबाजी में इस वारदात को अंजाम दिया।
जांच में यह भी सामने आया है कि फरीदाबाद की अल फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़े डॉक्टरों का एक समूह पिछले दो सालों से विस्फोटक जमा कर रहा था। हाल ही में गिरफ्तार डॉ. शाहीन शाहिद ने पूछताछ में इस बात का खुलासा किया। अब तक 18 से अधिक संदिग्धों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि कई लोगों से पूछताछ जारी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूटान दौरे से लौटकर LNJP अस्पताल में घायलों से मुलाकात की और स्पष्ट किया कि इस हमले के दोषियों को किसी भी सूरत में छोड़ा नहीं जाएगा।













