हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
भुता थाना क्षेत्र की दिल दहला देने वाली घटना
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भुता थाना क्षेत्र से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। यहां एक पिता ने महज शक के आधार पर अपने ही एक साल के बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
शक, शराब और घरेलू कलह बनी वजह
भुता थाना प्रभारी रविंद्र कुमार के अनुसार, पीड़िता रामबेटी ने गुरुवार को थाने पहुंचकर अपने पति सोमपाल के खिलाफ हत्या की तहरीर दी। रामबेटी पिछले दो महीनों से अपने मायके, पीलीभीत जिले के बीसलपुर थाना क्षेत्र के गांव बोनी में रह रही थी। उसका आरोप है कि सोमपाल शराब का आदी है और आए दिन मारपीट करता था। वह अक्सर कहता था कि छोटा बेटा वरुण उसकी शक्ल का नहीं है और पत्नी के चरित्र पर शक करता था।
मायके से बच्चों को ले गया आरोपी
बुधवार को सोमपाल अचानक मायके पहुंचा और बड़े बेटे अरुण व एक साल के वरुण को जबरन अपने साथ बरेली के गांव अठाना ले आया। रामबेटी ने विरोध किया, लेकिन वह नहीं माना। रात में उसने मासूम वरुण की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गांव के पास तालाब में फेंक दिया।
तालाब से मिला मासूम का शव
अगले दिन बच्चे का पता न चलने पर परिवार को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलने पर पुलिस ने तालाब में तलाश की और वरुण का शव बरामद किया। शव देखते ही मां बेसुध हो गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूछताछ में सोमपाल ने जुर्म कबूल कर लिया। कोर्ट में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।

















