हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: रविवार, 8 जून 2025 अलीगढ़
अलीगढ़,। बन्नादेवी थाना क्षेत्र के गूलर रोड स्थित शास्त्री नगर में शनिवार को एक हार्डवेयर फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और गुस्से में आकर फैक्ट्री गेट पर शव रखकर हंगामा कर दिया। परिजनों ने फैक्ट्री मालिक पर समय से उपचार न कराने का आरोप लगाते हुए सड़क पर टेंपो खड़े कर जाम भी लगा दिया। देर रात तक चली बातचीत के बाद मामला शांत हुआ और दोनों पक्षों में समझौता हो गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया।
मूलरूप से महालोक चौक, मेलरोज बाईपास निवासी रामकृष्ण शर्मा उर्फ पिंटू (35) गूलर रोड स्थित वेस्टल फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। वह शनिवार सुबह रोज की तरह काम पर गए थे। शाम को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों का आरोप है कि फैक्ट्री मालिक ने उन्हें समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक रामकृष्ण अचेत अवस्था में पड़े थे।
उन्हें आनन-फानन में निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही गुस्साए परिजनों ने फैक्ट्री के बाहर शव रखकर विरोध शुरू कर दिया और जाम लगा दिया।















