हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: 13 मई : 2025,
आगरा। मणप्पुरम गोल्ड फाइनेंस लिमिटेड की न्यू आगरा शाखा में पूर्व विधायक के पौत्र के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कंपनी ने 50 ग्राम सोना गायब कर दिया और शेष जेवरातों को जानबूझकर खुरचकर खराब कर दिया। इतना ही नहीं, कंपनी पर फर्जी हस्ताक्षर कर लोन की राशि बढ़ाने और जमा राशि का रिकॉर्ड गायब करने का भी आरोप है।
पीड़ित शत्रुघ्न अंबेश, जो कि किदवई पार्क, लोहामंडी के निवासी हैं, ने न्यू आगरा थाने में मणप्पुरम गोल्ड फाइनेंस के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है। शत्रुघ्न अंबेश पूर्व विधायक छत्रपति अंबेश के पौत्र हैं, जो 1957 से 1967 तक कांग्रेस पार्टी से आगरा सिटी विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं।
300 ग्राम जेवरात गिरवी रखे, 8 लाख का लिया था लोन
शिकायतकर्ता शत्रुघ्न अंबेश ने बताया कि उन्होंने मणप्पुरम की न्यू आगरा शाखा में अपने 300 ग्राम पुश्तैनी सोने के जेवरात गिरवी रखे थे, जिसके बदले उन्हें 8 लाख रुपये का लोन मिला। उन्होंने समय पर ब्याज का भुगतान भी किया। लेकिन जब वह जेवरात छुड़ाने गए तो पता चला कि 50 ग्राम सोना गायब है और बाकी जेवरात खराब हालत में हैं।
फर्जी हस्ताक्षर कर बढ़ाया गया लोन
पीड़ित के अनुसार, कंपनी के कर्मचारियों ने उनके फर्जी हस्ताक्षर कर लोन की राशि 8 लाख से बढ़ाकर 10.40 लाख रुपये कर दी। 14 दिसंबर 2021 को उन्होंने 2.50 लाख रुपये जमा किए थे, जिसकी रसीद उनके पास मौजूद है, लेकिन स्टेटमेंट में उस जमा राशि का कोई उल्लेख नहीं किया गया।
16 महीने तक चक्कर कटवाते रहे, फिर दर्ज हुआ मुकदमा
पीड़ित ने बताया कि वह दिसंबर 2023 से लगातार शिकायतें कर रहे थे। उन्होंने ईमेल के जरिए और व्यक्तिगत रूप से कंपनी के रीजनल हेड जसिन गोपी और एरिया हेड दिव्य रंजन मोहती से संपर्क किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उल्टा उन्हें ही मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
अब एफआईआर दर्ज, जांच शुरू
डीसीपी सिटी सोनम कुमार के निर्देश पर कंपनी के खिलाफ आईपीसी की धारा 406 (अमानत में खयानत) और 420 (धोखाधड़ी) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। एसीपी हरीपर्वत विनायक भोंसले ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
पूर्व विधायक थे छत्रपति अंबेश
शत्रुघ्न अंबेश के दादा छत्रपति अंबेश कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता रहे हैं। वह 1957 से 1967 तक आगरा सिटी विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे। उनके परिवार को इस घटना से गहरा आघात पहुंचा है और वे न्याय की मांग कर रहे हैं।

















