हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल गुरुवार को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह’ के दौरान एक छोटी सी दुर्घटना का शिकार हो गए। कार्यक्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल को पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद जब वे मंच से नीचे उतर रहे थे, तभी लाल कालीन पर पैर फिसलने से गिर गए। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण कालीन गीली हो गई थी, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया।
हालांकि, मुख्यमंत्री को किसी प्रकार की चोट नहीं आई। उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उन्हें उठाने में मदद की। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि भूपेंद्र पटेल मुस्कुराते हुए खुद को संभालते हैं और तुरंत कार्यक्रम में शामिल हो जाते हैं।
दुर्घटना के बाद भी उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा में कोई बदलाव नहीं किया। उन्होंने सरदार पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित ‘एकता मार्च’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री खुद भी प्रतिभागियों के साथ लगभग 100 मीटर तक पैदल चले और लोगों का उत्साह बढ़ाया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के कार्य और उनकी एकता की भावना आज भी देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि गुजरात सरकार उनके आदर्शों पर चलते हुए राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस मौके पर कई मंत्री, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सोशल मीडिया पर लोग मुख्यमंत्री के धैर्य, सादगी और समर्पण की प्रशंसा कर रहे हैं।













