लखनऊ, हिन्दुस्तान मिरर न्यूज।
उत्तर प्रदेश में मीट कारोबार से जुड़े बड़े कारोबारियों पर आयकर विभाग और जीएसटी टीम ने सोमवार तड़के एक साथ छापेमारी की है। यह कार्रवाई संभल, बरेली और हापुड़ जिलों में की गई, जिसमें करोड़ों रुपये के कारोबार और कर चोरी की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, संभल में हाजी इमरान और हाजी इरफान के ठिकानों पर छापेमारी जारी है। दोनों भाई मीट एक्सपोर्ट और प्रोसेसिंग व्यवसाय से जुड़े हैं और ‘इंडियन फ्रोजन फूड’ कंपनी के मालिक बताए जा रहे हैं। इनका कारोबार करीब 1000 करोड़ रुपये से अधिक का बताया जा रहा है। आयकर और जीएसटी की संयुक्त टीमों ने उनके आवास और फैक्ट्री दोनों जगह एक साथ छापे मारे हैं।
छापेमारी की कार्रवाई सुबह तड़के 5 बजे से शुरू हुई, जो कई घंटे तक जारी रही। टीमों ने कंपनी के चार कर्मचारियों के घरों पर भी रेड डाली है। सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग को इन कारोबारियों की टैक्स चोरी और फर्जी बिलिंग की शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि हाजी इमरान और हाजी इरफान मीट एक्सपोर्ट इंडस्ट्री में लंबे समय से सक्रिय हैं और उनके कारोबार के देश ही नहीं, विदेशों में भी नेटवर्क हैं। फिलहाल, विभागीय अधिकारी इस पूरे मामले में बरामद दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच में जुटे हुए हैं।
वहीं, प्रशासन ने छापेमारी स्थलों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। विभाग का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही टैक्स चोरी के सही आंकड़े और कार्रवाई के नतीजे सामने लाए जाएंगे।

















