शराब के नशे में वीडियो वायरल होने के बाद तीन दिन पहले हुए थे सस्पेंड; कार्रवाई के बाद मानसिक रूप से परेशान थे सुंदरम तिवारी
अलीगढ़, हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ :। अलीगढ़ में निलंबित दरोगा सुंदरम तिवारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार सुबह उनका शव बन्नादेवी थाना क्षेत्र की रामनगर कॉलोनी स्थित किराए के मकान में फंदे से लटका मिला। घटना के समय उनके पिता घर से नाश्ता लेने बाजार गए हुए थे। वापस लौटने पर बेटे को इस हालत में देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, सुंदरम तिवारी मूलरूप से मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के परौरा गांव के रहने वाले थे। करीब तीन साल पहले उत्तर प्रदेश पुलिस की दरोगा भर्ती में चयनित होने के बाद उनकी तैनाती अलीगढ़ में हुई थी। वह अपने पिता श्रीचंद्र तिवारी के साथ आईटीआई रोड स्थित रामनगर कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे थे।
वीडियो वायरल होने के बाद हुए थे निलंबित
तीन दिन पहले सुंदरम तिवारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें वह दीवानी कचहरी परिसर के बाहर शराब के नशे में झूमते नजर आए थे। वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी अलीगढ़ ने उन्हें निलंबित कर दिया था। पिता के मुताबिक, निलंबन की कार्रवाई के बाद से सुंदरम मानसिक रूप से परेशान रहने लगे थे। हालांकि, वह नियमित रूप से पुलिस लाइन में हाजिरी लगाने जा रहे थे।
नाश्ता लेने गए पिता, लौटे तो बेटे का शव मिला
श्रीचंद्र तिवारी ने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह करीब आठ बजे सुंदरम ने उनसे नाश्ता बाजार से लाने के लिए कहा था। इसके बाद वह घर से निकल गए। करीब आधे घंटे बाद लौटे तो बेटे को फंदे से लटका पाया। बाजार में रहते हुए उन्होंने सुंदरम को कई बार फोन किया था, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई।
पिता के मुताबिक, सुबह आठ बजे बेटे से हुई बातचीत उनकी आखिरी बातचीत थी। परिवार में सुंदरम की शादी के लिए रिश्ते भी देखे जा रहे थे। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आत्महत्या के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
#AligarhNews #UPPolice #SuspendedSubInspector #PoliceNews #BreakingNews















