हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस-2026 के अवसर पर शनिवार को लखनऊ में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की गई। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनपदों की बहनों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद स्थापित किया गया और सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं से उन्हें अवगत कराया गया।
‘सारथी’ और ‘नवदिशा’ पुस्तिकाओं का हुआ विमोचन
कार्यक्रम में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘सारथी’ तथा उदिता फाउंडेशन की पुस्तिका ‘नवदिशा’ का विमोचन किया गया। इन पुस्तिकाओं का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं के विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी को अधिक प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाना है।

रोजगार संगम पोर्टल का मोबाइल ऐप लॉन्च
इस अवसर पर रोजगार से जुड़ी सेवाओं को और अधिक सुलभ बनाने के लिए रोजगार संगम पोर्टल का मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया गया। इससे युवाओं और विशेष रूप से महिलाओं को रोजगार संबंधी जानकारी और अवसरों तक आसानी से पहुंच मिल सकेगी।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को ₹8 करोड़ से अधिक का बीमा प्रीमियम
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बड़ी राहत देते हुए ₹8 करोड़ से अधिक का बीमा प्रीमियम डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से वितरित किया गया। इसके साथ ही 94 मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति-पत्र भी प्रदान किए गए।
नारी शक्ति अवॉर्ड से महिलाओं का सम्मान
महिलाओं के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करने के लिए बाल विवाह की रोकथाम में योगदान देने वाली महिलाओं, महिला हेल्पलाइन (181) में सराहनीय कार्य करने वाली कार्मिकों और अन्य प्रेरणादायी महिलाओं को ‘नारी शक्ति अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। इसके अलावा कन्या सुमंगला योजना की लाभार्थी बालिकाओं को चेक भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम के अंत में प्रदेश की समस्त मातृशक्ति को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं और अभिनंदन दिया गया।















