हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
अलीगढ़, 01 सितंबर 2025।
उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता “नन्दी” ने सोमवार को अलीगढ़ स्थित आभा ग्रैंड होटल में शिवश्रित फूड्स लिमिटेड की एनएसई इमर्ज लिस्टिंग के उपलक्ष्य में आयोजित बेल रिंगिंग समारोह को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज चहुँमुखी विकास के पथ पर अग्रसर है और निवेशकों का भरोसेमंद केंद्र बन चुका है।

मंत्री नन्दी ने बताया कि अलीगढ़ और आसपास के जिलों में आलू की प्रचुर पैदावार होती है। शिवश्रित फूड्स लिमिटेड ने किसानों से आलू खरीदकर पाउडर निर्माण की पहल की और वर्ष 2018 में एमओयू के मात्र 9 माह के भीतर उत्पादन शुरू कर दिया। अब इस कंपनी का सार्वजनिक निर्गम (पब्लिक इश्यू) आना और एनएसई में पंजीकरण होना एमएसएमई सेक्टर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। निवेशकों की तीन गुना अधिक भागीदारी कंपनी की विश्वसनीयता और प्रदेश की औद्योगिक क्षमता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि एक एमएसएमई कंपनी का एनएसई में लिस्ट होना उत्तर प्रदेश की औद्योगिक मजबूती का संकेत है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि एटा में सीमेंट प्लांट का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया, वहीं कोविड काल में ड्रोन सर्वे से भूमि चिन्हित कर प्रदेश का सबसे बड़ा डाटा सेंटर स्थापित किया गया।
मंत्री ने कहा कि कभी उत्तर प्रदेश को ‘बीमारू प्रदेश’ कहा जाता था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में यह “उत्तम प्रदेश” बनकर “सर्वोत्तम प्रदेश” बनने की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने जेवर एयरपोर्ट को एशिया का सबसे बड़ा और दुनिया का चौथा एयरपोर्ट बताया तथा बुंदेलखंड में 40,000 एकड़ भूमि पर बुंदेलखंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (बीआईडीए) की स्थापना का उल्लेख किया।
उन्होंने बताया कि गोरखपुर में पेप्सी, अमेठी में कोका-कोला, प्रयागराज में पेप्सी व बिसलेरी के बड़े प्लांट स्थापित हो चुके हैं। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 33.5 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए, जिनमें से 15 लाख करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास व भूमिपूजन हो चुका है। अगले चरण में 5-7 लाख करोड़ की परियोजनाओं की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी होगी।
मंत्री नन्दी ने कहा कि निवेशकों का भरोसा, सुदृढ़ आधारभूत संरचना और पारदर्शी नीतियां उत्तर प्रदेश की नई पहचान बना रही हैं। प्रधानमंत्री के विजन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है।













