हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: 15अप्रैल: 2025,
समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता उदयवीर सिंह ने पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन और विधायक इंद्रजीत सरोज के हालिया विवादित बयानों पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि ये उनकी व्यक्तिगत राय हैं, पार्टी की नहीं। उदयवीर ने कहा, “हर किसी की अपनी आस्था होती है। सपा सभी धर्मों का सम्मान करती है और किसी एक नेता की राय को पार्टी की नीति नहीं माना जाना चाहिए।”
रामजीलाल सुमन के बयान पर उदयवीर ने कहा, “अगर इतिहास खोजा जाए तो धार्मिक स्थलों के नीचे पुरानी सभ्यताओं के अवशेष मिल सकते हैं। इसमें किसी एक धर्म को निशाना बनाना ठीक नहीं।” उन्होंने योगी सरकार पर दोहरे मापदंड का आरोप लगाते हुए कहा कि कानून सबके लिए एक होना चाहिए, लेकिन सरकार विपक्ष के लिए अलग नीति अपना रही है।
उदयवीर ने पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के सपा पर मुस्लिम तुष्टिकरण के आरोपों का भी जवाब दिया। उन्होंने कहा, “जयवीर सिंह का कोई स्थायी राजनीतिक आधार नहीं। उनके बयान सस्ती लोकप्रियता के लिए हैं।” सपा इन बयानों से दूरी बनाते हुए भाजपा के हमलों का जवाब देने की कोशिश कर रही है, जिससे सियासी विवाद और गहरा गया है।

















