हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
सुपर 8 में स्पिनर्स का दबदबा
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 चरण में पहुंचने वाली टीमों की सफलता में स्पिन गेंदबाजों की अहम भूमिका रही है। खासतौर पर पाकिस्तान, श्रीलंका और भारत के स्पिनर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीमों को मजबूत स्थिति में पहुंचाया है। आंकड़ों पर नजर डालें तो पाकिस्तान इस मामले में सबसे आगे निकल गया है, जबकि श्रीलंका दूसरे और भारत तीसरे स्थान पर है। न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के स्पिनर्स का प्रदर्शन अब तक सबसे कमजोर रहा है।

पाकिस्तान के स्पिनर्स बने नंबर 1
पाकिस्तान ने इस टूर्नामेंट में स्पिन-हैवी अटैक के साथ मैदान में उतरने की रणनीति अपनाई और उसका फायदा भी मिला। पाकिस्तानी स्पिनर्स ने अब तक कुल 26 विकेट चटकाए हैं, जो सुपर 8 में पहुंची टीमों में सबसे ज्यादा हैं। उस्मान तारिक, मोहम्मद नवाज, साइम अय्यूब, सलमान आगा और शादाब खान जैसे गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। भारत को छोड़कर लगभग हर टीम के खिलाफ इन स्पिनर्स ने प्रभाव डाला है।
श्रीलंका दूसरे, भारत तीसरे स्थान पर
श्रीलंका के स्पिनर्स ने लीग स्टेज में 21 विकेट हासिल किए और वे दूसरे नंबर पर हैं। वेलालगे, तीक्षणा और दुशान हेमंता ने कसी हुई गेंदबाजी कर टीम को मजबूती दी। भारतीय स्पिनर्स ने 17 विकेट झटके हैं, जिससे टीम तीसरे स्थान पर है। हालांकि विकेट के मामले में भारत तीसरे नंबर पर है, लेकिन इकॉनमी रेट के लिहाज से भारतीय स्पिनर्स सबसे आगे हैं। उन्होंने सिर्फ 6.3 रन प्रति ओवर की दर से रन दिए हैं, जो टूर्नामेंट में सबसे बेहतरीन है।
अन्य टीमों का प्रदर्शन
इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के स्पिनर्स ने 12-12 विकेट लिए हैं। जिम्बाब्वे के खाते में 6 विकेट हैं, जबकि न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के स्पिनर्स ने अब तक सिर्फ 4-4 विकेट ही चटकाए हैं। व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो भारत के वरुण चक्रवर्ती सबसे सफल स्पिनर हैं, जिन्होंने 9 विकेट हासिल किए हैं। माइकल लीस्क के भी 9 विकेट हैं, जबकि उस्मान तारिक ने 8 विकेट झटके हैं। अब सुपर 8 में स्पिनर्स की भूमिका और भी अहम होने वाली है।
#T20WorldCup2026 #PakistanCricket #TeamIndia #SpinAttack #Super8 #CricketNews













