हिन्दुस्तान मिरर न्यूज: अलीगढ़, 25 मार्च: उत्तर प्रदेश में अनुसूचित जाति के प्रमाण पत्र को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष हरीकिशन कोरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर कोरी जाति के लोगों को अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र न मिलने की समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया है।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कोरी जाति को अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र दिया जा रहा है, लेकिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों—सहारनपुर, मेरठ, बिजनौर, गाजियाबाद, हापुड़ और अलीगढ़ में इसे चमार जाति में दर्शाया जा रहा है। इससे कोरी जाति के लोगों को न केवल प्रमाण पत्र से वंचित किया जा रहा है बल्कि उनकी राजनीतिक भागीदारी भी प्रभावित हो रही है।
हरीकिशन कोरी ने इस मामले की गहन जांच और तत्काल समाधान की मांग की है। उन्होंने पत्र में यह भी लिखा कि यह मुद्दा भाजपा के परंपरागत मतदाताओं से जुड़ा हुआ है और पार्टी के प्रति समर्थन बनाए रखने के लिए सरकार को जल्द उचित कदम उठाने चाहिए।

इस पत्र के माध्यम से उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश जारी करने की अपील की है ताकि कोरी जाति के लोगों को आसानी से अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र मिल सके और उनकी समस्याओं का समाधान हो।













