हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑17 मई : 2025
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली की सियासत में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। आम आदमी पार्टी (AAP) के 13 पार्षदों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर एक नया राजनीतिक दल ‘इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी’ बनाने की घोषणा की है। इस बगावत का नेतृत्व वरिष्ठ पार्षद हेमचंद गोयल कर रहे हैं, जबकि नई पार्टी की कमान मुकेश गोयल को सौंपी गई है।
पार्षद मुकेश गोयल ने इस्तीफे की वजह बताते हुए कहा, “करीब 15 पार्षदों ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देकर नई पार्टी बनाई है। हम सत्ता में होने के बावजूद दिल्ली की जनता के लिए कोई ठोस काम नहीं कर सके। अंदरूनी कलह और आपसी मतभेदों के कारण हमें बार-बार निर्णय लेने में अड़चनों का सामना करना पड़ा।”
उन्होंने आगे कहा कि इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी का उद्देश्य राजनीति से ऊपर उठकर दिल्ली के विकास के लिए काम करना है।
पार्षद हिमानी जैन ने भी पार्टी छोड़ने के पीछे विकास के मुद्दों को अहम वजह बताया। उन्होंने कहा, “हमने नई पार्टी इसलिए बनाई क्योंकि पिछले ढाई सालों में निगम में कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं हुआ। हम सत्ता में थे, फिर भी लोगों को बुनियादी सुविधाएं देने में असफल रहे। हमारी नई पार्टी दिल्ली के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।”
इन 13 पार्षदों ने दिया AAP से इस्तीफा:
- हेमचंद गोयल
- मुकेश गोयल
- दिनेश भारद्वाज
- हिमानी जैन
- उषा शर्मा
- साहिब कुमार
- राखी कुमार
- अशोक पांडेय
- राजेश कुमार
- अनिल राणा
- देवेंद्र कुमार
- सोनिया गुप्ता
- विपिन चौधरी
जानकारी के अनुसार, पिछले महीने हुए एमसीडी चुनाव में आम आदमी पार्टी ने चुनाव बहिष्कार का ऐलान किया था। इस फैसले से पार्टी के भीतर असंतोष और नाराजगी बढ़ गई थी। उस चुनाव में बीजेपी के राजा इकबाल सिंह ने जीत दर्ज कर कांग्रेस के उम्मीदवार मनदीप सिंह को हराया था।
AAP के इस बहिष्कार को लेकर कई नेता असहज महसूस कर रहे थे और अब यह नाराजगी बगावत के रूप में सामने आ गई है।

















