हिन्दुस्तान मिरर न्यूज: सोमवार 30 जून 2025 अलीगढ़
संगारेड्डी,तेलंगाना — तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में सोमवार सुबह एक फार्मा कंपनी में हुए भीषण धमाके से इलाके में हड़कंप मच गया। यह हादसा मेडक ज़िले के पसामैलाराम फेज-1 स्थित सिगाची फार्मा कंपनी में हुआ, जहां एक रिएक्टर में अचानक विस्फोट हो गया। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 26 कर्मचारी घायल हुए हैं।
फायर अधिकारियों के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे कंपनी के रिएक्टर में तेज धमाका हुआ, जिसके बाद फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। चंद मिनटों में आग ने पूरी फैक्ट्री को चपेट में ले लिया। हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 11 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
धुएं का गुबार और मची अफरा-तफरी
घटना के समय फैक्ट्री में दर्जनों कर्मचारी मौजूद थे। विस्फोट इतना जोरदार था कि फैक्ट्री के बाहर तक धुएं का गुबार साफ देखा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाके के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
8 की मौत की पुष्टि, कई गंभीर
पुलिस के अनुसार, 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि इलाज के दौरान दो और ने दम तोड़ दिया। बाकी 26 घायलों को हैदराबाद के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
उत्तर प्रदेश और ओडिशा के मजदूर भी शामिल
सूत्रों के अनुसार, इस फैक्ट्री में उत्तर प्रदेश, ओडिशा और अन्य राज्यों से आए मजदूर कार्यरत थे। धमाके के समय कई कर्मचारी रिएक्टर के नजदीक काम कर रहे थे। आग लगने के बाद ज्यादातर लोग बाहर निकलने में कामयाब रहे, लेकिन कुछ लोग आग की चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए।
जांच के आदेश
संगारेड्डी पुलिस और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कर दिया है। शुरुआती जांच में रिएक्टर में ओवरप्रेशर की आशंका जताई जा रही है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए फोरेंसिक टीम और औद्योगिक सुरक्षा विभाग को जांच सौंपी गई है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने हादसे पर गहरा दुख जताया है और मृतकों के परिवारों को मुआवजा देने की घोषणा की है। साथ ही प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि घायलों के इलाज में कोई कोताही न बरती जाए।















