• Home
  • अलीगढ
  • “एएमयू में शिक्षक दिवस, करियर ओरिएंटेशन, स्वच्छता पखवाड़ा, मिलाद व जागरूकता कार्यक्रमों के साथ विभिन्न अकादमिक और सामाजिक गतिविधियाँ आयोजित”
Image

“एएमयू में शिक्षक दिवस, करियर ओरिएंटेशन, स्वच्छता पखवाड़ा, मिलाद व जागरूकता कार्यक्रमों के साथ विभिन्न अकादमिक और सामाजिक गतिविधियाँ आयोजित”

एएमयू प्रबंधन अध्ययन संकाय में शिक्षक दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया

एएमयू मल्लापुरम सेंटर में मिलाद समारोह का समापन

एएमयू में मदरसा पृष्ठभूमि के छात्रों के लिए करियर ओरिएंटेशन सत्र का आयोजन

एएमयू एनएसएस द्वारा करियर ओरिएंटेशन सेमिनार का आयोजन

एएमयू स्कूलों में स्वच्छता पखवाड़ा  मनाया गया

जेएन मेडीकल कालिज के डॉ. मनाज़िर अथर मेडिकल ऑक्सीजन प्रबंधन में नेशनल मास्टर ट्रेनर नियुक्त

एएमयू में स्व. प्रो. किश्वर शब्बीर खान को श्रद्धांजलि देते हुए शिक्षक दिवस 2025 मनाया गया

एएमयू मुर्शिदाबाद सेंटर के निदेशक एवं शिक्षक कार्यकारी एवं अकादमिक परिषद में नामित

एएमयू सामुदायिक चिकित्सा विभाग द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर एएमयू नर्सिंग कॉलेज में संवेदनशीलता कार्यक्रम आयोजित

हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:

अलीगढ़, 12 सितम्बरः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के प्रबंधन अध्ययन एवं अनुसंधान संकाय के व्यवसाय प्रबंधन विभाग में शिक्षक दिवस बड़े उत्साह और गर्मजोशी के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम विभिन्न प्रबंधन पाठ्यक्रमों के प्रथम वर्ष के छात्रों द्वारा आयोजित किया गया, जो शिक्षकों की अमूल्य भूमिका को सम्मानित करने का एक प्रयास था।

प्रबंधन अध्ययन एवं अनुसंधान संकाय की डीन, प्रो. आयशा फारूक ने प्रेरणादायी संबोधन दिया। विभागाध्यक्ष, प्रो. सलमा अहमद ने छात्रों के निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। इसके अलावा प्रो. परवेज़ तालिब, प्रो. वलीद अहमद अंसारी और डॉ. आसिफ अली सैयद ने भी अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम की शुरुआत अमन खान के स्वागत भाषण से हुई, जिसके बाद शिक्षकों का पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन किया गया। मोहम्मद माअज़ द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण कविता ने छात्रों की अपने शिक्षकों के प्रति प्रशंसा को अभिव्यक्त किया। इसके साथ ही केक काटकर आभार और आपसी सहयोग की भावना को दर्शाया गया।

कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन सानिया राशिद ने किया। मुख्य आयोजन टीम में अमन खान, चिराग आलम, चित्रांश वर्मा, फरहान आज़मी, हर्षित कुमार सिंह, इल्सा इस्राइल, लकी अयान, माज़ अहमद, मोहम्मद आसिफ, मोहम्मद जाहिद अनवर, मोहम्मद माअज़, मोहम्मद अयान खान, मोहम्मद फ़ज़ल मसूद, मोहम्मद तारिक, सनेहा राशिद, सैयद अफ़्फान अली और सैयद सारिम  अल्वी शामिल रहे।

————-

एएमयू मल्लापुरम सेंटर में मिलाद समारोह का समापन

अलीगढ़, 12 सितम्बरः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय मल्लापुरम सेंटर में सप्ताहभर चले मिलाद समारोह का समापन वैलिडिक्टरी कार्यक्रम के साथ हुआ। इस अवसर पर नात-ए-पाक की प्रस्तुतियाँ, भाषण और पुरस्कार वितरण आयोजित किए गए।

मुख्य अतिथि मौलाना मुफ़्ती अब्दुल जलील हुदावी बलायिल (डायरेक्टर ऑफ प्रोजेक्ट्स, एचसीएसई, दारुल हुदा इस्लामिक यूनिवर्सिटी) ने अपने मुख्य वक्तव्य में पैगंबर हज़रत मोहम्मद साहब के मानवता के अनमोल संदेशों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ये शिक्षाएँ आज भी 1500 वर्षों बाद उतनी ही प्रासंगिक हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मल्लापुरम सेंटर के निदेशक, प्रो. एम. शाहुल हमीद ने कहा कि पैगंबर की शिक्षाएँ इंसान को सम्मानजनक और सफल जीवन की ओर मार्गदर्शन करती हैं।

समारोह में छात्रों ने नात प्रस्तुत की और भाषण प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। नात प्रतियोगिता में पहला पुरस्कार मोहम्मद ज़ुलक़रनैन और शिफा नदीम को मिला, दूसरा हना फ़ातिम और मोहम्मद हमज़ा को, जबकि तीसरा पुरस्कार शिजिला और गुलशेर को मिला। अंग्रेज़ी भाषण प्रतियोगिता में अफीना एस. एस. को प्रथम, इफरा फ़ातिमा को द्वितीय और मरियम ज़हरा को तृतीय पुरस्कार मिला। उर्दू भाषण प्रतियोगिता में अबुल कैस प्रथम, मोहम्मद अतहर द्वितीय और अर्बाब हुसैन तृतीय रहे।

कैलीग्राफी प्रतियोगिता में पहला पुरस्कार नूहा नेफर के और हना फ़ातिम को संयुक्त रूप से मिला, दूसरा इफरा फ़ातिमा और अलीशा रज़ा को और तीसरा मोहम्मद हमज़ा को। अंग्रेज़ी निबंध लेखन में अफीना एस. एस. ने प्रथम, नूहा नेफर के ने द्वितीय और हना फ़ातिम तथा माअज़ फ़ारूक़ी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। हिन्दी निबंध प्रतियोगिता में फ़ारमान प्रथम, आरिफ़ अहमद द्वितीय और गुलज़ार आलम तृतीय रहे।

कार्यक्रम का संचालन चैथे वर्ष के क़ानून छात्र मोहम्मद इमरान ने किया। धन्यवाद ज्ञापन व्यवसाय प्रशासन विभाग के सैयद अहमद साद ने किया।

——————-

एएमयू में मदरसा पृष्ठभूमि के छात्रों के लिए करियर ओरिएंटेशन सत्र का आयोजन

अलीगढ़, 12 सितम्बरः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट कार्यालय (जनरल) ने मदरसा पृष्ठभूमि से आने वाले छात्रों के लिए करियर ओरिएंटेशन सत्र का आयोजन किया। यह कार्यक्रम सेंटर फॉर प्रमोशन ऑफ एजुकेशनल एंड कल्चरल एडवांसमेंट ऑफ मुस्लिम्स इन इंडिया (सीपेकामी) में आयोजित हुआ। इसका उद्देश्य छात्रों में करियर अवसरों, कौशल विकास और व्यावसायिक उन्नति के मार्गों के प्रति जागरूकता पैदा करना था।

सीपेकामी के निदेशक, डॉ. नसीम अहमद खान ने कहा कि मदरसा पृष्ठभूमि के छात्र ईमानदार और मेहनती होते हैं तथा सही मार्गदर्शन मिलने पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने करियर काउंसलिंग को इन छात्रों के लिए आवश्यक बताया।

प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी (जनरल) साद हमीद ने रोजगार के नए अवसरों पर चर्चा की और करियर योजना तथा व्यावसायिक विकास पर व्यावहारिक सुझाव दिए। उन्होंने छात्रों को तकनीकी और सॉफ्ट स्किल्स दोनों को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम के आयोजन में डॉ. आसफिया करीमी, डॉ. फरहीन अंजुम, डॉ. शाहिद कलीम, डॉ. मोहम्मद हारिस बिन मंसूर और डॉ. शीराज़ भट ने सक्रिय भूमिका निभाई।

——————————-

एएमयू एनएसएस द्वारा करियर ओरिएंटेशन सेमिनार का आयोजन

अलीगढ़, 12 सितम्बरः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) ने स्टडी प्लांट के सहयोग से “भारत और विदेश में विधिक एवं कौशल शिक्षा का महत्व” विषय पर करियर ओरिएंटेशन सेमिनार का आयोजन किया।

मुख्य अतिथि, प्रो. मुजीब अहमद अंसारी (प्रिंसिपल, यूनिवर्सिटी पॉलिटेक्निक) ने कहा कि आज के दौर में छात्रों को केवल अकादमिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यावसायिक और विधिक कौशल की भी आवश्यकता है।

विशिष्ट अतिथि, डॉ. मोहम्मद मोसिन खान (मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग) ने तकनीकी शिक्षा और वैश्विक कौशल की महत्ता पर जोर दिया।

वक्ताओं में ब्रिटिश काउंसिल सर्टिफाइड स्टडी वाया काउंसलर मोहम्मद इमरान खान नियाज़ी ने अंतरराष्ट्रीय शिक्षा और छात्रवृत्ति अवसरों पर प्रकाश डाला। वहीं स्टडी प्लांट कोचिंग के निदेशक अब्दुल्ला खालिद ने भारत में विधिक शिक्षा और कौशल विकास के बढ़ते दायरे पर चर्चा की।

कार्यक्रम का समन्वयन मोहम्मद अनस और मोहम्मद ग़ुफ़रान (डायरेक्टर्स, फ़्यूड्रॉप) ने किया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. अब्दुल जब्बार, मोहम्मद इमरान खान, नाज़िया बेगम और नाहिद अकबरी की भी उपस्थिति रही।

——————–

एएमयू स्कूलों में स्वच्छता पखवाड़ा  मनाया गया

अलीगढ़, 12 सितंबरः पूरे देश में मनाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़ा 2025 के तहत, अब्दुल्ला स्कूल और एएमयू गल्र्स स्कूल में सफाई, स्वच्छता और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए कई गतिविधियाँ आयोजित की गईं।

अब्दुल्ला स्कूल में कार्यक्रम की शुरुआत सफाई अभियान से हुई, जिसमें पूरे स्कूल समुदाय ने मिलकर परिसर की सफाई की और स्वस्थ पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। इसके बाद पौधारोपण अभियान हुआ, जिसमें छात्रों, शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कक्षा एक के छात्रों ने अपने पौधे लाकर उन्हें शिक्षकों के मार्गदर्शन में लगाया। कार्यक्रम में एएमयू सिटी गल्र्स हाई स्कूल के प्रिंसिपल एम. जावेद अख्तर भी उपस्थित रहे और उन्होंने स्कूल अधीक्षका उमरा जहीर, शिक्षकों और छात्रों के साथ मिलकर पौधे लगाए।

एएमयू गल्र्स स्कूल में कार्यक्रम की निगरानी प्रिंसिपल आमना मलिक, उप-प्रिंसिपल अलका अग्रवाल और कोऑर्डिनेटर जेबा नवाज़ ने की। कार्यक्रम की शुरुआत छात्रों द्वारा सामूहिक स्वच्छता शपथ से हुई, जिसे तरन्नुम और जावेद आलम ने दिलाया। इसके बाद श्रमदान एवं प्लॉगिंग गतिविधि आयोजित की गई, जिसमें छात्रों और कर्मचारियों ने कचरा इकट्ठा कर फिटनेस के साथ सफाई का संदेश दिया। पौधारोपण अभियान का नेतृत्व सीमाब मुख़्तर ने किया, जिसने छात्रों को पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया। इन कार्यक्रमों का संचालन इवेंट इंचार्ज नुसरत परवीन और सुंदुस नूरुलैन ने सफलतापूर्वक किया।

दोनों स्कूलों ने छात्रों और कर्मचारियों को ऐसे उपयोगी कार्यक्रमों में शामिल कर जिम्मेदारी और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाई। इन पहलों ने न केवल स्वच्छता और सतत विकास को बढ़ावा दिया, बल्कि स्वस्थ और हरे-भरे कैंपस के निर्माण में सामूहिक भागीदारी की भावना को भी मजबूत किया।

जेएन मेडीकल कालिज के डॉ. मनाज़िर अथर मेडिकल ऑक्सीजन प्रबंधन में नेशनल मास्टर ट्रेनर नियुक्त

अलीगढ़, 12 सितंबरः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (जेएनएमसीएच) के डिप्टी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट (मेडिकल गैसेस) डॉ. मनाजिर अथर को केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के मेडिकल ऑक्सीजन प्रबंधन क्षमता निर्माण कार्यक्रम के तहत नेशनल मास्टर ट्रेनर नियुक्त किया गया है।

यह कार्यक्रम, जिसे स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने एआईआईएमएस, नई दिल्ली के सहयोग से शुरू किया गया है, उसका उद्देश्य देश भर में ऑक्सीजन इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने, मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ऑक्सीजन के कुशल उपयोग को बढ़ावा देना है।

डॉ. अथर ने नई दिल्ली स्थित एआईआईएमएस में प्रशिक्षण लिया, जहां कार्यक्रम का उद्घाटन वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ। पूरे भारत से लगभग 200 विशेषज्ञों को मास्टर ट्रेनर के रूप में चुना गया है, जो अस्पताल प्रशासकों और चिकित्सा अधिकारियों को देशभर में प्रशिक्षण देंगे।

एएमयू में डॉ. अथर ने ऑक्सीजन आपूर्ति प्रणाली को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और उन्होंने जेएन मेडिकल गैस प्लांट को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा है, जिसमें इन-हाउस सिलेंडर भरने की सुविधाओं का विकास भी शामिल है। उनके पास दस से अधिक वर्षों का शिक्षण अनुभव है और वे कार्डियक एनेस्थेसिया, क्रिटिकल केयर और रिससिटेशन में विशेषज्ञ हैं। इसके अलावा वे बेसिक और कंप्रीहेंसिव कार्डियक लाइफ सपोर्ट में प्रमाणित प्रशिक्षक भी हैं।

डॉ. अथर ने कहा कि इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम में योगदान देना गर्व की बात है। स्वास्थ्य देखभाल के सभी स्तरों पर ऑक्सीजन प्रबंधन को मजबूत करना तैयारियों और मरीजों की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।

जेएनएमसीएच के प्रिंसिपल और चीफ मेडिकल सुपरिंटेंडेंट प्रो. मोहम्मद हबीब रज़ा, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट प्रो. सैयद अमजद अली रिज़वी और अतिरिक्त मेडिकल सुपरिंटेंडेंट प्रो. वसीफ़ मोहम्मद अली ने उन्हें बधाई दी और कहा कि उनकी भूमिका संस्थागत सेवाओं और राष्ट्रीय प्रयास दोनों को मजबूत करेगी, जिससे आपातकाल में ऑक्सीजन की भरोसेमंद उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

————————–

एएमयू में स्व. प्रो. किश्वर शब्बीर खान को श्रद्धांजलि देते हुए शिक्षक दिवस 2025 मनाया गया

अलीगढ़, 12 सितंबरः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग की इकोनोमिक्स सोसाइटी ने “शिक्षक दिवस 2025” का आयोजन किया और इसमें स्व. प्रो. किश्वर शब्बीर खान को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रो. खान अर्थशास्त्र विभाग की प्रतिष्ठित शिक्षिका और पूर्व डीन, सामाजिक विज्ञान संकाय, थीं। वह  1993 को सेवानिवृत हो गयी थीं और 6 जुलाई 2025 को अलीगढ़ में उनका निधन हो गया।

कार्यक्रम में उनके छात्रों जो अब विभाग के वरिष्ठ शिक्षक हैं, जैसे प्रो. निसार अहमद खान, प्रो. शेहरोज़ आलम रिज़वी (चेयरमैन), प्रो. एस.एम. जावेद अख़तर और प्रो. मोहम्मद आसिफ ने प्रो. खान के साथ बिताए गए अनुभव साझा किए और उन्हें प्रेरणादायक रोल मॉडल बताया। उनका पढ़ाना और अर्थशास्त्र के प्रति समर्पण कई पीढ़ियों के छात्रों पर स्थायी प्रभाव छोड़ गया।

कार्यक्रम में वर्तमान छात्रों को प्रो. खान की प्रतिष्ठित शैक्षणिक यात्रा से भी परिचित कराया गया, जो लंदन स्कूल ऑफ़ इकोनॉमिक्स (यू.के.), यूनिवर्सिटी ऑफ़ शिकागो (यू.एस.ए.), यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ़ साउथ वेल्स (यू.के.), मिरांडा हाउस, दिल्ली यूनिवर्सिटी, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, नई दिल्ली और अंततः एएमयू के अर्थशास्त्र विभाग तक फैली हुई थी।

इस अवसर पर निबंध लेखन और भाषण प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। निबंध प्रतियोगिता का विषय “अगली पीढ़ी के शिक्षार्थियों को प्रेरित करना” था। जिसे गुंजन शर्मा (एमए तृतीय सेम) और साकिब गनी (एमए तृतीय सेम) ने संयुक्त रूप से जीता। मोहम्मद इब्राहिम अख़्तर (बीए सातवें सेम) और मोहम्मद ताबिश (बीए सातवें सेम) ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता का विषय “ज्ञान और कौशल के बीच अंतर को पाटने में शिक्षकों की भूमिका” था, जिसमें साकिब गनी ने पहला पुरस्कार जीता, जबकि मुशर्रफ़ वसीम (एमए तृतीय सेम) और अमान बेग (बीए पांचवे सेम) ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम का आयोजन प्रो. शेहरोज़ आलम रिज़वी (चेयरमैन) और प्रो. मोहम्मद आज़म खान (अर्थशास्त्र समाज इंचार्ज) ने किया, जबकि डॉ. शीरीन रईस सह-संयोजक, कम्पेयर और रैपोर्टियर के रूप में मौजूद थीं।

———————

एएमयू मुर्शिदाबाद सेंटर के निदेशक एवं शिक्षक कार्यकारी एवं अकादमिक परिषद में नामित

अलीगढ़, 12 सितम्बरः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय मुर्शिदाबाद सेंटर, पश्चिम बंगाल के निदेशक डॉ. महबूबुर रहमान को विश्वविद्यालय के कार्यकारी परिषद का सदस्य घोषित किया गया है। उन्हें यह सदस्यता विश्वविद्यालय के विभिन्न केन्द्रों के निदेशकों में वरिष्ठता के आधार पर प्रदान की गई है। उनका कार्यकाल तत्काल प्रभाव से तीन वर्ष के लिए या जब तक वे संबंधित केन्द्र के निदेशक पद पर बने रहने तक प्रभावी होगा।

इसी क्रम में, डॉ. महबूबुर रहमान और मुर्शिदाबाद केन्द्र के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. आमिर जफर को शैक्षणिक सत्र 2025-2026 के लिए अकादमिक परिषद का सदस्य नामित किया गया है। डॉ. रहमान को विधि और शिक्षा इकाई के वरिष्ठतम समन्वयक होने के नाते नामित किया गया है, जबकि डॉ. जफर व्यवसाय प्रशासन इकाई का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनका संबंधित पद पर बने रहने तक होगा।

———————–

एएमयू सामुदायिक चिकित्सा विभाग द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

अलीगढ़, 12 सितम्बरः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जे.एन. मेडिकल कॉलेज के सामुदायिक चिकित्सा विभाग द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत मदरसा चाचा नेहरू, सिविल लाइन्स, अलीगढ़ में एक जागरूकता एवं संवेदनशीलता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विभागाध्यक्ष प्रो. उज्मा इरम के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी आदतों और स्वास्थ्य जागरूकता से परिचित कराना था।

कार्यक्रम में तीन मुख्य विषयों हाथ धोना एवं व्यक्तिगत स्वच्छता, पोषण और संतुलित आहार, तथा सफाई कर्मचारियों का सम्मान आदि के बारे में बताया गया।

पहले सत्र में डॉ. आमिर अय्यूब (जेआर-द्वितीय) और डॉ. राज युवराजसिंह (जेआर-प्रथम) ने संक्रमण से बचाव के लिए नियमित हाथ धोने के महत्व को समझाया। विद्यार्थियों को सही तरीके लाइव डेमो और गतिविधियों के माध्यम से सिखाए गए।

दूसरे सत्र में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. समीना अहमद और डॉ. चंद्रमौली मित्रा (जेआर-द्वितीय) ने अच्छे पोषण की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को संतुलित आहार लेने, साफ पानी पीने और जंक फूड कम करने की सलाह दी। साथ ही भोजन से जुड़ी आम भ्रांतियों को सरल और रोचक ढंग से स्पष्ट किया।

सफाई कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यालय के चार सफाई कर्मचारियों को प्रो. उज्मा इरम और असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नेमा उस्मान द्वारा उपहार दिए गए।

कार्यक्रम में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वच्छता एवं स्वास्थ्यपूर्ण आदतें अपनाने का संकल्प लिया। शिक्षकों ने इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम जीवन भर स्वच्छता और स्वस्थ जीवन की आदतें विकसित करने में सहायक होते हैं।

———————

विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर एएमयू नर्सिंग कॉलेज में संवेदनशीलता कार्यक्रम आयोजित

अलीगढ़, 12 सितम्बरः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के नर्सिंग कॉलेज में विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस मनाया गया। यह कार्यक्रम मानसिक स्वास्थ्य नर्सिंग समूह के बी.एससी. नर्सिंग (पांचवें सेमेस्टर) के छात्रों द्वारा ओपीडी में आयोजित किया गया। इसका समन्वय असिस्टेंट प्रोफेसर पामेला जोसेफ और ट्यूटर दीप्ति मिन्ज ने किया, जबकि प्राचार्य प्रो. फरह आजमी ने मार्गदर्शन प्रदान किया।

इस वर्ष की थीम “चेंजिंग द नैरेटिव” यानी मानसिक स्वास्थ्य और आत्महत्या रोकथाम पर बातचीत को सकारात्मक और जागरूक बनाना।

कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग छात्रों ने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत की और उन्हें आत्महत्या की प्रवृत्ति के कारणों, रोकथाम के उपायों और विशेषज्ञों की सहायता लेने के महत्व के बारे में बताया। पामेला जोसेफ ने आत्महत्या रोकथाम के व्यावहारिक कदमों पर प्रकाश डाला और सामुदायिक सहयोग तंत्र की आवश्यकता पर जोर दिया।

इस पहल से मरीजों और उनके परिवारों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व का एहसास हुआ और उन्हें कठिन परिस्थितियों में मदद लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

शिक्षकों ने छात्रों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम का समापन आशा, दृढ़ता और समाज में आत्महत्या रोकथाम के सामूहिक उत्तरदायित्व के संदेश के साथ हुआ।

Releated Posts

AMU की सभी ख़बरें सिर्फ 1 क्लिक पर 6-2-2026

विश्व कैंसर दिवस पर एएमयू में तीन दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम अलीगढ़, 6 फरवरीः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल…

ByByHindustan Mirror News Feb 6, 2026

AMU की सभी ख़बरें सिर्फ 1 क्लिक पर 3-2-2026

हिन्दुस्तान मिरर न्यूज: एएमयू मेडिकल कॉलेज में उन्नत ऑन्कोलॉजी व न्यूक्लियर मेडिसिन सेंटर की स्थापना अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय…

ByByHindustan Mirror News Feb 3, 2026

AMU की सभी ख़बरें सिर्फ 1 क्लिक पर 2-2-2026

हिन्दुस्तान मिरर न्यूज: 1. एएमयू में 73वां अली डे समारोह अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में अली सोसाइटी के…

ByByHindustan Mirror News Feb 2, 2026

अलीगढ़ महोत्सव-2026 में ज्ञान का महाकुंभ, 7 से 13 फरवरी तक सजेगा भव्य पुस्तक मेला

पुस्तक प्रेमियों के लिए निःशुल्क प्रवेश, साहित्य और संस्कृति का अनूठा संगम हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:अलीगढ़, 2 फरवरी 2026राजकीय…

ByByHindustan Mirror News Feb 2, 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top