हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़:
उत्तर प्रदेश के बहुप्रतीक्षित जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के उद्घाटन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 28 मार्च को देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन करेंगे, जिसे एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट्स में शामिल माना जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर को भव्य बनाने के लिए भाजपा संगठन और प्रशासनिक स्तर पर व्यापक रणनीति बनाई जा रही है।

बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। सभी ने एक स्वर में इस आयोजन को “भव्य, दिव्य और ऐतिहासिक” बनाने का संकल्प लिया
अलीगढ़ से ये हुए शामिल
जनपद गौतमबुद्धनगर में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में अलीगढ़ जनपद के वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने भाग लिया। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष चौ कृष्णपाल सिंह लाला, महामंत्री शिवनरायण शर्मा, बरौली विधायक ठा. जयवीर सिंह, खैर विधायक सुरेन्द्र दिलेर और इगलास विधायक राजकुमार सहयोगी समेत कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने उद्घाटन कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की।
जिलाध्यक्ष चौ कृष्णपाल सिंह लाला ने जानकारी दी कि अलीगढ़ से लगभग 200 बसों एवं सैकेडों छोटे वाहनों के माध्यम से हजारों कार्यकर्ता और समर्थक उद्घाटन रैली में भाग लेंगे। यह जनसहभागिता न केवल राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास के प्रति जनता के उत्साह को भी दर्शाएगी।
जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने से अलीगढ़ को सीधा आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है। ताला उद्योग, हार्डवेयर कारोबार और डिफेंस कॉरिडोर से जुड़े उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने में अब बड़ी सहूलियत मिलेगी। परिवहन लागत में कमी और समय की बचत से स्थानीय उद्योगों को नई गति मिलेगी, जिससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
जेवर एयरपोर्ट न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास का नया अध्याय लिखेगा, बल्कि अलीगढ़ जैसे औद्योगिक शहरों के लिए वैश्विक अवसरों के द्वार भी खोलेगा।















