हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: 31 मार्च: अलीगढ़ के थाना महुआ खेड़ा क्षेत्र स्थित ग्रीन अपार्टमेंट में सोमवार को सोसाइटी के लोगों और बिल्डर के बीच तीखी झड़प हो गई। यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब बोर्ड बैठक के दौरान सोसाइटी के निवासियों ने बिल्डर पर वसूली और अभद्रता के आरोप लगाए। बात बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गई, जिसकी पूरी घटना सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बैठक के दौरान बिल्डर और सोसाइटी के लोगों में किसी मुद्दे पर बहस शुरू हुई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस के अनुसार, सोसाइटी के कई निवासियों ने बिल्डर पर अवैध वसूली और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज को खंगालकर साक्ष्य जुटा रही है। फिलहाल, दोनों पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। घटना के बाद सोसाइटी में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।















