हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: 7 मई : 2025,
नई दिल्ली, 7 मई — देश की राजधानी दिल्ली में बुधवार को सुरक्षा एजेंसियों की व्यापक तैयारियों के तहत एक अभूतपूर्व ‘मॉक ड्रिल’ (सुरक्षा अभ्यास) किया गया। इस दौरान नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) क्षेत्र में शाम 8:00 बजे से 8:15 बजे तक ब्लैकआउट (Blackout) रहा। इस दौरान पीएम हाउस और राष्ट्रपति भवन को छोड़कर पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बंद रही, जिसमें स्ट्रीट लाइट्स भी शामिल थीं।
एनडीएमसी की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘‘आज शाम 8:00 से 8:15 बजे तक नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल उपायों के तहत नई दिल्ली क्षेत्र में बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित रहेगी। सभी निवासियों से सहयोग की अपील की जाती है।’’
राजधानी के 55 अहम स्थानों पर मॉक ड्रिल
यह मॉक ड्रिल केवल NDMC क्षेत्र तक सीमित नहीं रही। कनॉट प्लेस, लाजपत नगर, खान मार्केट, चांदनी चौक, दिल्ली कैंट, ISBT और IGI एयरपोर्ट समेत दिल्ली के 55 भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी सुरक्षा एजेंसियों ने मॉक ड्रिल किया।
इस ड्रिल में हवाई हमले, बहु-स्थलीय आगजनी, और खोज-बचाव अभियानों जैसे कई आपातकालीन परिदृश्यों को शामिल किया गया।
सेना ने किया ‘ऑपरेशन सिंदूर’
इस मॉक ड्रिल का आयोजन ऐसे समय में किया गया है जब भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया है। इस ऑपरेशन के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में स्थित आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई की गई है।
सेना के अनुसार, इस अभियान में जैश-ए-मोहम्मद के बहावलपुर स्थित गढ़ और लश्कर-ए-तैयबा के मुरिदके अड्डे को निशाना बनाया गया।
पहलगाम हमले का बदला
‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम देने का मकसद 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का बदला लेना था। इस हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी, जिनमें आम नागरिकों के साथ सुरक्षाकर्मी भी शामिल थे।














