हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: 8 मई : 2025,
नई दिल्ली – भारतीय सेना द्वारा आतंकी ठिकानों पर किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद देश में राजनीतिक और कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी संदर्भ में केंद्र सरकार ने गुरुवार सुबह 11 बजे एक महत्वपूर्ण सर्वदलीय बैठक बुलाई है, जिसकी अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। बैठक में गृह मंत्री अमित शाह और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू भी मौजूद रहेंगे।
इस बैठक में विपक्ष के नेताओं को ऑपरेशन के बाद की जवाबी कार्रवाई और भविष्य की सैन्य व कूटनीतिक रणनीतियों की जानकारी दी जाएगी। रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, यह बैठक सेना की कार्रवाई को लेकर राष्ट्रीय एकजुटता और राजनीतिक सहमति स्थापित करने का प्रयास है।
25 मिनट में आतंकी ठिकाने नेस्तनाबूद
भारतीय सेना ने 6 से 7 मई की रात 1:05 बजे से लेकर 1:30 बजे तक सिर्फ 25 मिनट के भीतर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया। इस दौरान 24 मिसाइलों के जरिए लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी शिविरों को ध्वस्त कर दिया गया।
सेना के सूत्रों के अनुसार, नौ आतंकी शिविरों को तबाह किया गया, जिनमें से पांच पीओके (पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर) में और चार पाकिस्तान की सीमा के भीतर स्थित थे। इन शिविरों में आतंकियों की भर्ती और प्रशिक्षण किया जाता था। ऑपरेशन में आतंकी मसूद अजहर के परिवार के दस सदस्यों की मौत की भी पुष्टि हुई है।
सेनाध्यक्ष की कड़ी निगरानी, एलओसी पर अलर्ट
ऑपरेशन के बाद सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी स्वयं नियंत्रण रेखा (LoC) पर गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। सेना और सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है ताकि पाकिस्तान की ओर से किसी भी संभावित जवाबी कार्रवाई या युद्धविराम उल्लंघन का तत्काल जवाब दिया जा सके।
विपक्ष की मांग: पीएम मोदी बैठक में हों शामिल
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सरकार से मांग की है कि इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी शामिल होना चाहिए। उन्होंने कहा, “हमने 24 अप्रैल को भी पीएम की बैठक में उपस्थिति की मांग की थी, लेकिन वह नहीं आए। इस बार उनकी उपस्थिति बेहद जरूरी है।”
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस की नीति आतंकवाद के विरुद्ध पूरी तरह स्पष्ट और कठोर है। विपक्ष की ओर से राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी इस बैठक में शामिल होंगे।
कांग्रेस ने रोके सभी कार्यक्रम, दिखाई एकजुटता
कांग्रेस पार्टी ने आतंकवाद के खिलाफ सेना और सरकार के साथ खड़े होने का ऐलान करते हुए ‘संविधान बचाओ रैलियों’ समेत अपने सभी तय कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि ऐसे समय में देशहित सर्वोपरि है और सभी दलों को एक सुर में खड़ा होना चाहिए।
पीएम मोदी ने टाला विदेश दौरा
देश में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 से 17 मई तक प्रस्तावित नॉर्वे, क्रोएशिया और नीदरलैंड का दौरा रद्द कर दिया है। विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की है कि यह निर्णय मौजूदा सुरक्षा स्थिति और राष्ट्रीय प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

















