हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: 8 मई : 2025,
अलीगढ़। अलीगढ़ के थाना लोधा क्षेत्र में आज सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। फिरोजाबाद से मुजफ्फरनगर में पेशी पर जा रही पुलिस वैन बाईपास हाईवे के चिकावटी मोड़ पर खड़े कैंटर से जा टकराई। इस हादसे में एक दरोगा, तीन सिपाही और एक आरोपी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल है, जिसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
हादसा कैसे हुआ?
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह हादसा सुबह 8:15 बजे उस समय हुआ जब पीछे से आ रही बस के चालक ने ओवरटेक करते समय पुलिस वैन को अचानक कट मार दिया। इससे पुलिस वैन का संतुलन बिगड़ गया और वह हाईवे पर खड़े कैंटर में भीषण टक्कर मारते हुए जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन में सवार पुलिसकर्मी व आरोपी बुरी तरह घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया हादसे का मंजर
प्रत्यक्षदर्शी दुर्गा पाल ने बताया, “मैं खेत में चारा काट रहा था, तभी तेज धमाके की आवाज आई। जब मौके पर पहुंचा तो पुलिस की वैन कैंटर में धंसी हुई थी और चारों ओर चीख पुकार मची थी।”

हादसे में इनकी गई जान
- एसआई रामसंजीवन, निवासी चतेला कंदोरा, जालौन
- कांस्टेबल बलवीर सिंह, निवासी बीरा छोटा, सासनी, हाथरस
- कांस्टेबल रघुवीर सिंह, निवासी कूपा सादाबाद, हाथरस
- चालक सिपाही चंद्रपाल सिंह, निवासी मानगढ़ी, मथुरा
- गुल सनुव्वर, आरोपी, निवासी सीकरी भोपा, मुजफ्फरनगर
घायल
- सिपाही शेरपाल सिंह, निवासी बरसोली, हाथरस – गंभीर रूप से घायल, मेडिकल कॉलेज में भर्ती।
पुलिस-प्रशासन घटनास्थल पर
एसएसपी संजीव सुमन, एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट, एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक सहित अन्य पुलिस अधिकारी व फोर्स मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

आधिकारिक बयान
एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया, “फिरोजाबाद से मुजफ्फरनगर गैंगस्टर कोर्ट में पेशी के लिए जा रही टीम हादसे का शिकार हो गई। हादसे में 5 लोगों की मृत्यु हुई है, जबकि एक जवान घायल है। आगे की कार्रवाई जारी है।”
परिजनों से की मुलाकात, दी सांत्वना
अधिकारियों ने हादसे में जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया।













