हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑ मंगलवार 3 जून 2025
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के महरौली इलाके स्थित संजय वन में रविवार को दिल्ली यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) की बीए प्रथम वर्ष की छात्रा महक (18) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। आरोपी अर्शकीरत (22) ने हत्या के बाद शव को जलाने की भी कोशिश की। वारदात को अंजाम देने के बाद वह घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचा और बाद में घर चला गया। पुलिस ने सोमवार को महक का अधजला शव बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एक साल पुरानी थी दोस्ती, परिजन कर चुके थे सावधान
महक मूल रूप से मथुरा (यूपी) की रहने वाली थी और अपने परिवार के साथ जहांगीरपुरी में रहती थी। वह डीयू एसओएल से बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी और उसकी क्लासें शनिवार और रविवार को होती थीं। अर्श भी उसी संस्थान में प्रथम वर्ष का छात्र है और अपने परिवार के साथ रानीबाग इलाके में रहता है। दोनों की मुलाकात करीब एक साल पहले हुई थी और तभी से दोनों के बीच दोस्ती थी।
परिजनों को अर्श की नीयत और बर्ताव पर संदेह था, जिस कारण उन्होंने महक को उससे दूरी बनाने के लिए कहा था। यह बात आरोपी को नागवार गुज़री। कुछ समय पहले वह महक के घर भी पहुंचा था और उसकी मां से बदसलूकी की थी। हालांकि तब उसने माफी मांगकर मामला शांत कर दिया था।
रविवार को बुलाकर की वारदात, शव जलाने की कोशिश
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण जिला) अंकित चौहान के अनुसार, रविवार सुबह महक ने कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी। दोपहर करीब ढाई बजे अर्श के पिता ने महक की मां प्रीति को कॉल कर बताया कि महक ने दो लड़कों के साथ मिलकर उनके बेटे पर चाकू से हमला किया है। इसी दौरान फोन पर पीछे से अर्श की आवाज़ आई कि उसने भी महक को चाकू मारा है। पूछताछ पर अर्श ने महक को कुतुबमीनार के पास एक पार्क में चाकू मारने की बात बताई। इसके बाद से महक का मोबाइल भी बंद हो गया।
घबराए परिजन थाने पहुंचे और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस और परिजन महक को 18 घंटे तक तलाशते रहे लेकिन सफलता नहीं मिली। इस बीच सीसीटीवी फुटेज से यह सामने आया कि अर्श सुबह 8:30 बजे संजय वन के गेट नंबर-5 पर दाखिल हुआ था। 9:45 बजे महक भी वहां पहुंची। दोनों अंदर गए, लेकिन दोपहर 12:57 बजे अर्श अकेला, घायल अवस्था में बाहर आता हुआ नजर आया।
अर्श की निशानदेही पर जंगल से बरामद हुआ शव
पुलिस ने सोमवार सुबह अर्श को रानीबाग स्थित उसके घर से उठाया और सख्ती से पूछताछ की। आखिरकार उसकी निशानदेही पर संजय वन से महक का अधजला शव बरामद कर लिया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी चाकू और पेट्रोल पहले से लेकर आया था। उसने पहले महक को मनाने की कोशिश की, जब वह नहीं मानी तो उस पर हमला कर दिया और हत्या के बाद शव जलाने की कोशिश की।
थानों की सीमा को लेकर उलझी पुलिस
शव जिस स्थान से मिला वह महरौली और किशनगढ़ थानों की सीमा पर स्थित था। शुरुआत में सीमा विवाद के चलते कार्रवाई टलती रही। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर महरौली थाने में अपहरण और हत्या का मामला दर्ज किया गया।

















