हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने किया सम्मानित
अलीगढ़, 27 फरवरी 2026। कल्याण सिंह हेबीटेट सेंटर के ऑडिटोरियम में बीएलओ सम्मान एवं परिचर्चा कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर्स को सम्मानित किया गया।
पारदर्शी मतदाता सूची सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला
मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश नवदीप रिणवा ने कहा कि यदि सभी मिलकर प्रयास करें तो एक शुद्ध, स्वच्छ, पारदर्शी एवं समावेशी मतदाता सूची तैयार की जा सकती है, जो सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है। उन्होंने बताया कि इस बार का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अत्यंत चुनौतीपूर्ण रहा। प्रदेश के 15 करोड़ 44 लाख 36 हजार 92 मतदाताओं के लिए पृथक-पृथक गणना प्रपत्र छापे गए। प्रत्येक बीएलओ को औसतन 1000-1200 मतदाताओं से घर-घर संपर्क कर फार्म भरवाने, हस्ताक्षर कराने, वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मिलान कराने तथा बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटाइजेशन एवं मैपिंग का कार्य करना था। सीमित समय और विभागीय जिम्मेदारियों के बीच यह कार्य युद्ध स्तर पर संपादित किया गया।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 70 प्रतिशत नोटिसों की सुनवाई पूरी हो चुकी है, जबकि अलीगढ़ ने 73 प्रतिशत से अधिक सुनवाई पूर्ण कर प्रदेश औसत से बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने जानकारी दी कि 6 मार्च तक पात्र व्यक्ति फार्म-06 भरकर नाम जुड़वा सकते हैं, 27 मार्च तक दावे-आपत्तियों की सुनवाई होगी और 10 अप्रैल को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
“बुक ए कॉल विद बीएलओ” से बढ़ी पारदर्शिता
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि एसआईआर अभियान से बीएलओ की छवि में सकारात्मक बदलाव आया है। “बुक ए कॉल विद बीएलओ” एवं शिकायत निस्तारण में प्रदेश देश में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने निर्देश दिए कि अभिलेख सुरक्षित रखे जाएं, अधिक से अधिक ऑनलाइन आवेदन प्रोत्साहित किए जाएं तथा प्रशिक्षण को प्राथमिकता दी जाए, ताकि कोई पात्र मतदाता छूटे नहीं और कोई अपात्र शामिल न हो।
बीएलओ ने साझा किए अपने अनुभव
संवाद सत्र में इगलास विधानसभा के बीएलओ दिनेश कुमार गुप्ता ने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण में कार्य करना ऐतिहासिक अनुभव रहा। शहर विधानसभा के बीएलओ दिनेश कुमार ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2006 से निष्पक्षता के साथ कार्य करते हुए घर-घर जाकर जिम्मेदारी निभाई और किसी को बूथ पर नहीं बुलाया।
कोल विधानसभा की आंगनबाड़ी कार्यकत्री ममता रानी वर्मा ने इसे गर्व का अवसर बताते हुए कहा कि सभी बीएलओ ने सैनिक की तरह कार्य किया। शहर विधानसभा की बीएलओ चांदनी वार्ष्णेय ने सीमित संसाधनों और व्यक्तिगत चुनौतियों के बावजूद निष्ठापूर्वक कार्य करने की बात कही। अतरौली के सुपरवाइजर ओमेंद्र कुमार तथा शहर विधानसभा के एईआरओ प्रवीण कुमार ने भी अभियान के अनुभव साझा किए।
दीप प्रज्ज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा, मंडलायुक्त संगीता सिंह, जिलाधिकारी संजीव रंजन, एसएसपी नीरज जादौन एवं नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया।
आस्था डांस एकेडमी की बालिका अरूआक्षी अग्रवाल ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। युवा कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से “मतदान हमारा अधिकार”, “लोकतंत्र में वोट की कीमत” और “पहला वोट जिम्मेदारी की शुरुआत” जैसे संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर मताधिकार के प्रति जागरूकता बढ़ाई और उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई।
विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ हुए सम्मानित
मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से दो उत्कृष्ट बीएलओ को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। 71-खैर से मनु चौहान एवं राजेंद्र सिंह, 72-बरौली से शिव कुमार एवं कोहनूर बानो, 73-अतरौली से शैलेन्द्र सिंघल एवं उपमा कुमारी, 74-छर्रा से उर्मिला सिंह एवं दक्षिणा वंदन, 75-कोल से रंजना भारद्वाज एवं ममता रानी वर्मा, 76-अलीगढ़ से दिनेश कुमार एवं चांदनी वार्ष्णेय तथा 77-इगलास से दिनेश कुमार गुप्ता एवं गोपाल भारती को सम्मानित किया गया।
मंडलायुक्त ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि एसआईआर के शेष कार्य भी इसी प्रतिबद्धता से पूर्ण किए जाएंगे। कार्यक्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार सहित सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारी, सुपरवाइजर एवं बड़ी संख्या में बीएलओ उपस्थित रहे।
#Aligarh #VoterList #ElectionCommission #BLO #Democracy #UttarPradesh













