हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
सपा पर तीखा हमला, छवि खराब करने का आरोप
उत्तर प्रदेश विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश को शक की निगाह से देखा जाता था और सपा शासन में यूपी की छवि खराब हुई। “चेहरे पर धूल थी और ये आईना साफ करते रहे,” कहते हुए उन्होंने विपक्ष के आचरण को मातृशक्ति के खिलाफ बताया। सीएम ने कहा कि उनके व्यवहार से पहले बेटियां असुरक्षित महसूस करती थीं और व्यापारी कारोबार समेटने को मजबूर होते थे।
“अहिल्याबाई होलकर की पूजा होनी चाहिए”
‘जीरो टॉलरेंस’ से खत्म हुआ गुंडाराज
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले अपराधी समानांतर सरकार चलाते थे और माफिया खुलेआम घूमते थे। अब सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति से गुंडाराज समाप्त हुआ है। उन्होंने दावा किया कि अब प्रदेश में न गुंडा टैक्स है, न अवैध वसूली, न कर्फ्यू और न दंगे। पिछले नौ वर्षों में सदन की कार्यवाही भी कम ही बाधित हुई, जो बेहतर राजनीतिक वातावरण का संकेत है।
बीमारू से ‘ट्रिपल टी’ राज्य तक
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं रहा, बल्कि ‘ट्रिपल टी’—टेक्नोलॉजी, ट्रस्ट और ट्रांसफॉर्मेशन—का प्रतीक बन चुका है। साफ नीयत और दृढ़ इच्छाशक्ति से सुशासन का लक्ष्य हासिल किया गया है। अब बिना भेदभाव हर वर्ग को योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
उत्सव प्रदेश और टेंपल इकोनॉमी
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज यूपी उपद्रव नहीं, उत्सव का प्रदेश है। अयोध्या और प्रयागराज में करोड़ों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि 2017 से पहले के कुंभ में 12 करोड़ लोग आए थे, जबकि इस बार माघ मेले में 21 करोड़ लोगों ने स्नान किया। यह कानून व्यवस्था पर बढ़े भरोसे का परिणाम है।














