हिन्दुस्तान मिरर | 26 जून 2025
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर अपने विवादित बयानों से सियासी हलचल मचा दी है। लखनऊ में संबोधित करते हुए राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) और यादव समुदाय पर तीखा हमला बोला।
राजभर ने कहा, “यादवों ने पहले अति पिछड़ों का हक छीना, फिर मुसलमानों का हक मारा और अब ब्राह्मणों के अधिकारों पर डाका डाल रहे हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि यादव समुदाय के लोग डबल आधार कार्ड बनवाकर सरकारी योजनाओं का लाभ दोहरी तरीके से ले रहे हैं।
उन्होंने समाजवादी पार्टी पर हमला करते हुए कहा, “सपा ने मुसलमानों को सिर्फ वोट बैंक बना रखा है। मुसलमान आज भी सपा के गुलाम बने हुए हैं, जबकि सपा ने कभी उनके विकास की परवाह नहीं की।”
राजभर के इन बयानों से प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। विपक्षी दलों ने उनके बयान को समाज को बांटने वाला और भड़काऊ करार दिया है। वहीं, सुभासपा समर्थकों ने इसे सच्चाई बताने वाला बयान बताया है।
गौरतलब है कि ओम प्रकाश राजभर अपने तीखे और जातिगत बयानों के लिए पहले भी कई बार विवादों में रह चुके हैं। हालांकि, वे लगातार खुद को अति पिछड़ों के सच्चे हितैषी के रूप में प्रस्तुत करते आए हैं।














