हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
अलीगढ़, 19 सितम्बरः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज (जेएनएमसी) के रेडियोडायग्नोसिस विभाग में आधुनिक मेडिकल फिजिक्स रिसर्च लेबोरेटरी का उद्घाटन सहकुलपति प्रो. एम मोहसिन खान द्वारा किया गया। इस सुविधा के साथ एएमयू देश के चौथे और उत्तर भारत के दूसरे संस्थान (एम्स, नई दिल्ली के बाद) के रूप में शामिल हो गया है, जहाँ यह विशेष शोध केंद्र स्थापित हुआ है।
यह लैब फोटोथर्मल थेरेपी, ऑप्टिकल इमेजिंग और रेडिएशन बायोलॉजी जैसे क्षेत्रों में उन्नत शोध के लिए सुसज्जित है। इसका उद्देश्य मेडिकल फिजिक्स के क्षेत्र में नवाचार और शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है। यह बहु-विषयक क्षेत्र फिजिक्स और मेडिसिन को जोड़ता है और रोगी देखभाल, रेडिएशन सुरक्षा और क्वालिटी एश्योरेंस में सहायक है।
उद्घाटन कार्यक्रम विभागाध्यक्ष प्रो. मेहताब अहमद के नेतृत्व में हुआ और एएमयू के सहकुलपति प्रो. मोहम्मद मोहसिन खान ने अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मेडिकल साइंस नवाचार पर टिकी है और ऐसी सुविधाएँ एएमयू को वैश्विक शोध मानचित्र पर मज़बूती से स्थापित करेंगी। उन्होंने मेडीकल क्षेत्र में आधुनिक शोध की आवश्यकता पर भी बल दिया।
मेडिसिन संकाय के डीन प्रो. एम. हबीब रज़ा ने बुनियादी विज्ञान और क्लिनिकल प्रैक्टिस को जोड़ने वाले शोध की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ शिक्षकों और गणमान्य व्यक्तियों ने भी शिरकत की, जिनमें प्रो. अमजद अली रिज़वी, प्रो. मोहम्मद खालिद, प्रो. वीणा माहेश्वरी, प्रो. इब्ने अहमद, प्रो. मोहम्मद मुज़ामिल और प्रो. शगुफ्ता वहाब शामिल थीं।
रेडियोडायग्नोसिस विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मुदस्सिर अशरफ शाह ने कहा कि यह नई सुविधा छात्रों और शोधकर्ताओं दोनों को प्रेरित करेगी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों का सम्मान, स्मृति चिन्ह भेंट और मेडिकल फिजिक्स के महत्व पर चर्चा भी हुई।
प्रो. मेहताब अहमद ने धन्यवाद ज्ञापन किया और विश्वविद्यालय प्रशासन व आयोजन टीम का आभार व्यक्त किया।
















