हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: 10 मई : 2025,
अलीगढ़, 9 मई 2025:
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) परिसर में फायरिंग जैसी गंभीर वारदात को अंजाम देने वाले वांछित अपराधी मयंक ठाकुर को पुलिस ने शुक्रवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया। अपराध शाखा (एसओजी) व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में मयंक को एएमयू सर्किल से घेराबंदी कर पकड़ा गया। मयंक एएमयू परिसर में ही छिपा हुआ था और जैसे ही वह बाहर निकला, पुलिस ने उसे दौड़ाकर ठंडी सड़क के पास से गिरफ्तार कर लिया।
क्या है मामला?
26 अप्रैल को एएमयू परिसर की लाइब्रेरी पार्किंग में फायरिंग की घटना ने विश्वविद्यालय और शहर में सनसनी फैला दी थी। क्वार्सी के शताब्दी नगर निवासी और एएमयू में बीएएलएलबी के छात्र वरुण कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि वह अपनी स्कूटी लेकर मौलाना आजाद लाइब्रेरी की पार्किंग से बाहर निकल रहे थे। तभी एक सफेद स्कॉर्पियो गलत दिशा से आकर उनकी स्कूटी के पास रुकी। वरुण ने जब इसका विरोध किया तो स्कॉर्पियो से उतरे एक युवक ने उन्हें धमकाते हुए पिस्टल निकाल ली और खुद को “मयंक ठाकुर” बताते हुए गोली चला दी।
सीसीटीवी से हुई पहचान
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें हमलावर की पहचान धनीपुर निवासी मयंक ठाकुर के रूप में हुई। मयंक हाल ही में जेल से छूटकर आया था और उस पर गैंगस्टर एक्ट समेत कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
एसओजी और सर्विलांस टीम को 9 मई को इनपुट मिला कि मयंक किसी कानूनी प्रक्रिया के लिए एएमयू से बाहर निकलने वाला है। टीम ने तुरंत एएमयू सर्किल के पास मोर्चा संभाला। जैसे ही मयंक कार में सवार होकर वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की। लेकिन वह तेजी से ठंडी सड़क की ओर भागा। तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने वहां घेराबंदी कर उसकी कार रोक ली और उसे धर दबोचा।















