हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
अलीगढ़ 03 सितंबर 2025
उत्तर प्रदेश मत्स्यजीवी सहकारी संघ लिमिटेड के मा0 सभापति श्री वीरू साहनी 04 सितंबर को अलीगढ़ आ रहे हैं। वे सड़क मार्ग से पहुंचकर दोपहर 12 बजे सर्किट हाउस में अधिकारियों, सहकारी समितियों के अध्यक्ष, सचिव और मत्स्य व्यवसाय से जुड़े उद्यमियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में मत्स्य पालन से संबंधित योजनाओं की प्रगति, समितियों की कार्यशैली और उद्यमियों को आ रही समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
समीक्षा बैठक के बाद अपरान्ह 01 बजे श्री साहनी सर्किट हाउस में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों से वार्ता करेंगे। इस दौरान वे प्रदेश में मत्स्य व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों और आने वाली योजनाओं की जानकारी साझा करेंगे।
इसी क्रम में अलीगढ़ जिले में रोजगारपरक अवसर बढ़ाने के लिए 10 सितंबर को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला खुशीराम महाविद्यालय, खैर में क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, मॉडल कैरियर सेंटर, राजकीय आईटीआई एवं खुशीराम महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में सुबह 10 बजे से शुरू होगा। सहायक निदेशक सेवायोजन के अनुसार, इस मेले में 21 प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी और विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं को रोजगार देंगी।
प्रतिभाग करने वाली प्रमुख कंपनियों में विजन इंडिया सर्विस नोएडा, टाटा स्ट्राइव स्किल डवलपमेंट सेंटर अलीगढ़, पेटीएम नोएडा, ईएफएस प्रा. लि. सुडियाल अलीगढ़, एसआईएस सिक्योरिटी सर्विस देहरादून आदि शामिल हैं। ये कंपनियां सिक्योरिटी सर्विस, मार्केटिंग, अकाउंटेंट, प्रोडक्शन एसोसिएट, कंप्यूटर ऑपरेटर, सेल्स, वेलनेस एडवाइजर, सुपरवाइजर, स्टोर इंचार्ज, पैकिंग इंचार्ज और टेलीकॉलर जैसे पदों पर चयन करेंगी।
मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, बीटेक, बीबीए और एमबीए उत्तीर्ण अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल (rojgaarsangam.up.gov.in) और www.nes.gov.in पर अनिवार्य रूप से ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। केवल पंजीकृत उम्मीदवार ही मेले में प्रतिभाग कर पाएंगे।
सभी आवेदित अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने पंजीयन कार्ड (एक्स-10), शैक्षिक प्रमाण पत्रों की मूल एवं छायाप्रति, फोटो आईडी, दो पासपोर्ट साइज फोटो और रिज्यूमे साथ लाना न भूलें। रिक्तियों की विस्तृत जानकारी सेवायोजन पोर्टल पर उपलब्ध है। किसी भी असुविधा की स्थिति में अभ्यर्थी सेवायोजन कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।















