हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
यथार्थ हॉस्पिटल नोएडा में ली अंतिम सांस
अलीगढ़। भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद (खान चंद्र) का आज सुबह करीब पांच बजे निधन हो गया। उन्होंने यथार्थ हॉस्पिटल, नोएडा में अंतिम सांस ली। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उपचाराधीन थे। निधन की सूचना मिलते ही परिवार और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। अस्पताल से पार्थिव शरीर को अलीगढ़ स्थित उनके ओजोन सिटी आवास लाया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अंतिम दर्शन किए।

क्वार्सी मोक्ष धाम में हुआ अंतिम संस्कार
पार्थिव शरीर को बाद में क्वार्सी स्थित रोटरी मोक्ष धाम ले जाया गया, जहां पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। बड़े बेटे सोनू सिंह ने मुखाग्नि देकर पिता को अंतिम विदाई दी। इस दौरान परिवार के सदस्य भावुक नजर आए। सूचना मिलते ही रिंकू सिंह भी अलीगढ़ पहुंच गए और अंतिम संस्कार की सभी रस्मों में शामिल हुए।

जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि
अंतिम संस्कार में सतीश गौतम, चौ कृष्णपाल सिंह, चौ ऋषिपाल सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। भाजपा जिला महामंत्री शिवनारायण शर्मा, राजू भैया और अनिल पाराशर समेत अन्य लोगों ने भी शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
खानचंद के निधन से न केवल उनका परिवार बल्कि स्थानीय क्षेत्र और खेल जगत भी शोकाकुल है। रिंकू सिंह की सफलता के पीछे उनके पिता का महत्वपूर्ण योगदान माना जाता रहा है। इस दुखद क्षण में शहरवासियों ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
#RinkuSingh #Aligarh #BreakingNews #IndianCricket #RestInPeace













