हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
डॉ. आशीष गोयल ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को चेताया, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
लखनऊ, 06 अप्रैल 2026। डॉ. आशीष कुमार गोयल की अध्यक्षता में शक्ति भवन में हुई समीक्षा बैठक में गर्मियों के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कड़े निर्देश दिए गए। बैठक में ट्रांसमिशन कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जबकि अधिशासी अभियंता स्तर तक के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि गर्मियों में ट्रांसमिशन व्यवस्था की वजह से बिजली आपूर्ति प्रभावित नहीं होनी चाहिए। सभी अनुरक्षण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं और ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
समन्वय और निगरानी पर जोर
डॉ. गोयल ने ट्रांसमिशन और वितरण अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि उपभोक्ताओं को सुचारु बिजली आपूर्ति मिल सके। उन्होंने 11 से 14 अप्रैल तक मुख्यालय के अधिकारियों को उपकेंद्रों का निरीक्षण करने का निर्देश भी दिया।
ट्रिपिंग रोकने के लिए विशेष निर्देश
नोएडा, आगरा, प्रयागराज और झांसी के मुख्य अभियंताओं से तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि ट्रिपिंग किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए। विशेष रूप से नोएडा क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। अधिक ट्रिपिंग वाले क्षेत्रों का डाटा विश्लेषण कर संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने को कहा गया।
सुरक्षा और तकनीकी तैयारी
बैठक में फायर फाइटिंग मॉक ड्रिल, उपकेंद्रों और ट्रांसफार्मरों की एजिंग एनालिसिस कराने तथा आवश्यक अनुरक्षण कार्य तत्काल करने के निर्देश भी दिए गए।
#Electricity #UPPower #Transmission #SummerPreparedness #PowerSupply
















