हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑ गुरुवार 5 जून 2025
नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के शेख सराय रेड लाइट के पास बुधवार देर रात एक मुठभेड़ में दिल्ली पुलिस ने दो बदमाशों को पकड़ लिया। ये दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार होने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते उन्हें रोका गया। पुलिस की घेराबंदी देख आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। इस मुठभेड़ में दोनों आरोपी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना बीआरटी कॉरिडोर स्थित एक सीएनजी पंप के पास हुई। सूत्रों के मुताबिक, घायल दोनों आरोपी 15 मई को छतरपुर मेट्रो स्टेशन के पास आया नगर निवासी अरुण लोहिया की दिनदहाड़े हत्या में शामिल थे। पुलिस को उनकी लोकेशन की सूचना पहले से थी और इसी आधार पर घेराबंदी की गई थी।
जैसे ही दोनों आरोपी बाइक पर वहां से गुजरे, पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। खुद को फंसता देख दोनों ने पुलिस पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें दोनों घायल हो गए। मुठभेड़ के दौरान कई राउंड गोलियां चलीं।
मौके पर फारेंसिक टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचे और घटनास्थल की गहन जांच की गई। पुलिस ने कहा है कि घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी जांच के बाद साझा की जाएगी।

















