हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
पणजी। दूरसंचार विभाग (डीओटी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धोखाधड़ी में इस्तेमाल किए जा रहे दो करोड़ से अधिक फोन कनेक्शन बंद कर दिए हैं। विभाग के सचिव डॉ. नीरज मित्तल ने जानकारी दी कि संचार साथी जैसी पहल से स्पूफ कॉल को रोकने में बड़ी सफलता मिली है और अब तक 97 प्रतिशत फर्जी कॉल में कटौती की गई है।
स्पूफ कॉल धोखाधड़ी का वह तरीका है, जिसमें कॉल करने वाला व्यक्ति अपना नंबर बदलकर कॉल को किसी बैंक, सरकारी विभाग या परिचित व्यक्ति का नंबर दिखाता है। इसका उद्देश्य ग्राहकों से व्यक्तिगत जानकारी और पैसे हड़पना होता है।
डॉ. मित्तल ने बताया कि विभाग ने एक डिजिटल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म विकसित किया है, जिससे वित्तीय संस्थानों को धोखाधड़ी की गतिविधियों की पहचान करने और सूचना साझा करने में मदद मिल रही है। यह कदम न सिर्फ वित्तीय क्षेत्र की सुरक्षा मजबूत कर रहा है, बल्कि देश में साइबर सुरक्षित माहौल बनाने में भी योगदान दे रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि साइबर सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए दूरसंचार विभाग लगातार नई तकनीक और उपाय अपना रहा है। यह बयान उन्होंने दक्षिण गोवा में आयोजित वार्षिक पश्चिम क्षेत्र सम्मेलन को वीडियो लिंक के माध्यम से संबोधित करते हुए दिया।














