अलीगढ़, 22 सितम्बर 2025 : आत्मनिर्भर कृषक समन्वित विकास योजना के अंतर्गत जिले में सात नए एफपीओ (किसान उत्पादक संगठन) गठित किए जाएंगे। सोमवार को जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में इस संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए।
उप निदेशक कृषि अरुण कुमार चौधरी ने बताया कि ’’सिनर्जी क्रॉप साइंस’’ द्वारा अकराबाद, अतरौली, बिजौली, धनीपुर, गंगीरी, खैर और टप्पल विकासखंडों में एफपीओ बनाए जाएंगे। कंपनी ने प्रत्येक विकासखंड स्तर पर कृषकों के समूह बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में 80 एफपीओ संचालित हैं, जिनमें से 24 सरकारी संस्थाओं द्वारा और 31 को खाद, बीज एवं रसायन के लाइसेंस प्राप्त हैं। वहीं 23 एफपीओ ने फार्म मशीनरी बैंक की स्थापना की है।
जिलाधिकारी ने ’’सिनर्जी क्रॉप साइंस’’ के प्रबंधक को जल्द से जल्द नए एफपीओ गठित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को समय पर उनके उद्देश्यों से लाभ मिल सके। बैठक में सीडीओ प्रखर कुमार सिंह, डीडीओ आलोक आर्य, नाबार्ड के डीडीएम नितिन कुमार, एलडीएम अशोक सौनी सहित विभिन्न अधिकारी, एफपीओ संचालक एवं किसान उपस्थित रहे।
इस पहल से जिले के किसानों को बेहतर विपणन, आधुनिक कृषि संसाधनों और सामूहिक आर्थिक सशक्तिकरण का लाभ मिलने की उम्मीद है।













