त्रिपुरा में सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है, क्योंकि पश्चिम त्रिपुरा जिले के नरसिंहगढ़ डिटेंशन सेंटर से 10 अवैध बांग्लादेशी घुसपैठिए, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है, फरार हो गए। यह घटना 29 सितंबर को हुई बताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, ये सभी आरोपी बांग्लादेश प्रत्यर्पण की प्रक्रिया के दौरान मौके का फायदा उठाकर भाग निकले।
त्रिपुरा पुलिस के प्रवक्ता राजदीप देब ने जानकारी दी कि फरार घुसपैठियों की तलाश में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब 1 अक्टूबर को उत्तर त्रिपुरा के धर्मनगर जेल से भी छह कैदी फरार हो गए थे, जिनमें से दो को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। लगातार हो रही इन घटनाओं ने राज्य की जेल और डिटेंशन सेंटर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।













