हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:धर्म समाज महाविद्यालय में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का सफल आयोजन
अलीगढ़, 29 जनवरी 2026: जिले के युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक अहम पहल के तहत धर्म समाज महाविद्यालय में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। यह मेला क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, मॉडल करियर सेंटर एवं धर्म समाज महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। रोजगार मेले में निजी क्षेत्र के 20 प्रतिष्ठित नियोजकों ने भाग लिया, जिनके सापेक्ष 708 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कर सहभागिता की। साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के उपरांत 574 अभ्यर्थियों का चयन कर उन्हें मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किए गए।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
रोजगार मेले का शुभारंभ क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी डॉ. पी.पी.सी. शर्मा एवं धर्म समाज महाविद्यालय के प्राचार्य मुकेश भारद्वाज द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया। अधिकारियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे रोजगार मेले स्थानीय स्तर पर युवाओं को बेहतर अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
करियर काउंसिलिंग व एनसीएस पोर्टल की जानकारी
मेले के दौरान जिला रोजगार सहायता अधिकारी राजीव कुमार चौधरी द्वारा अभ्यर्थियों को करियर काउंसिलिंग प्रदान की गई। वहीं यंग प्रोफेशनल शुभम शर्मा ने बेरोजगार युवाओं को नेशनल करियर सर्विस (एनसीएस) पोर्टल के विषय में जागरूक किया और उनका पंजीकरण कराया, ताकि वे भविष्य में भी रोजगार के अवसरों से जुड़े रह सकें।
31 जनवरी को मत्स्य कृषकों के लिए जागरूकता व पंजीकरण शिविर
प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह-योजना से जोड़ने की पहल
अलीगढ़, 29 जनवरी 2026: प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह-योजना के अंतर्गत जिले के मत्स्य कृषकों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिलाने के उद्देश्य से जागरूकता एवं पंजीकरण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 31 जनवरी को ब्लॉक जवां के ग्राम अक नगला स्थित पंचायत भवन में जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर आयोजित होगा।
आय वृद्धि व आधुनिक तकनीक से जोड़ने पर जोर
सहायक निदेशक मत्स्य डॉ. प्रियंका आर्या ने बताया कि शिविर में योजना की विस्तृत जानकारी देने के साथ-साथ पोर्टल पर पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने जिले के सभी मत्स्य कृषकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर योजना से जुड़ें और अपनी आय बढ़ाने के साथ आधुनिक तकनीकों का लाभ उठाएं।
















