हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑ 22 मई : 2025
अलीगढ़, 22 मई 2025 – जनपद अलीगढ़ में दिव्यांगजनों के कल्याण एवं उनके सशक्तिकरण हेतु आगामी 29 मई को अपराह्न 04 बजे से कलेक्टे्रट सभागार में एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय दिव्यांगता समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री संजीव रंजन स्वयं करेंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी श्री रोहित कुमार ने बताया कि बैठक का उद्देश्य दिव्यांगजनों से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना, समस्याओं का समाधान निकालना एवं उनके हित में लिए जा सकने वाले निर्णयों पर विमर्श करना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित समय व स्थान पर बैठक में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करें, ताकि समिति के कार्यों को गति दी जा सके।
श्री कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि यह बैठक दिव्यांगजनों की सुविधाओं, सरकारी योजनाओं के लाभ वितरण, पेंशन, शिक्षण संस्थानों में सुविधा उपलब्धता, स्वास्थ्य सेवाएं, कौशल विकास, रोजगार और अन्य मूलभूत आवश्यकताओं पर केंद्रित होगी।
बैठक में समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, नगर निगम, श्रम विभाग, चिकित्सा विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य मानी जाएगी।
जिलाधिकारी संजीव रंजन के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक से यह उम्मीद जताई जा रही है कि जिले में दिव्यांगजनों के लिए चलाई जा रही योजनाओं के क्रियान्वयन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा तथा उनके जीवन को सुगम और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।
















