हिन्दुस्तान मिरर न्यूज: मंगलवार 01 जुलाई 2025
वृंदावन। मध्य प्रदेश के शिवपुरी निवासी एक 19 वर्षीय युवक, लक्ष्य शिवहरे, संत प्रेमानंद के सत्संगों से इतना प्रभावित हुआ कि वह पढ़ाई और परिवार छोड़कर चुपचाप वृंदावन आ गया। युवक के अचानक गायब होने से परिवार में हड़कंप मच गया। अब शिवपुरी पुलिस और स्वजन वृंदावन के आश्रमों में उसकी तलाश में जुटे हैं।
सात जून को घर से निकला, मोबाइल भी बंद
शिवपुरी के वर्मा कॉलोनी निवासी दीपक शिवहरे का पुत्र लक्ष्य, जो सीए द्वितीय वर्ष का छात्र है, 7 जून की सुबह करीब 4 बजे घर से बिना किसी को बताए निकल गया। वह साथ में गोपालजी की मूर्ति भी ले गया। परिवार जब जागा तो युवक लापता मिला। पहले आस-पड़ोस और दोस्तों के यहां तलाश की गई, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो 12 जून को शिवपुरी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
सत्संगों से हुआ प्रभावित, इसलिए छोड़ा सब कुछ
लक्ष्य के पिता के अनुसार वह बीते दो वर्षों से इंटरनेट मीडिया के जरिए संत प्रेमानंद महाराज के प्रवचन सुन रहा था और उन्हीं से प्रेरित होकर उसने यह कदम उठाया। उन्होंने बताया कि लक्ष्य पढ़ाई में होशियार था और उसने इंटरमीडिएट में 94 प्रतिशत अंक हासिल किए थे।
पुलिस ने खंगाले CCTV, बस चालक ने दी पुष्टि
शिवपुरी पुलिस ने उसकी तलाश तेज करते हुए बस अड्डे के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मथुरा जाने वाली बस के चालक और परिचालक से पूछताछ की। उन्होंने पुष्टि की कि लक्ष्य मथुरा की बस में बैठा था। इसके बाद पुलिस और परिजन वृंदावन पहुंचे और रमणरेती क्षेत्र के विभिन्न आश्रमों में युवक की तलाश कर रहे हैं।
मोबाइल नंबर बंद, लोकेशन ट्रेस नहीं
लक्ष्य का मोबाइल नंबर बंद आ रहा है, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो रहा है। फिलहाल पुलिस और परिजन वृंदावन के आश्रमों में लगातार युवक की खोजबीन कर रहे हैं।

















