हिन्दुस्तान मिरर न्यूज: 6 जुलाई 2025
अलीगढ़ :शनिवार रात हुई तेज बारिश ने अलीगढ़ की सड़कों को एक बार फिर जलमग्न कर दिया। दिनभर की उमस भरी गर्मी के बाद बारिश भले ही राहत लेकर आई, पर नगर निगम की नाकामी भी उजागर कर गई। रामघाट रोड, मैरिस रोड, दुर्गाबाड़ी, रमेश विहार, गांधी आई, सराय हकीम, शाहजमाल जैसे इलाकों में जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सड़कों पर पानी भरने से वाहन फंसे, दुकानें बंद करनी पड़ीं और स्ट्रीट वेंडरों का कारोबार चौपट हो गया। कई इलाकों में पहले की बारिश का पानी भी नहीं निकला था कि ताज़ा बारिश ने और परेशानी बढ़ा दी। सीएम नगर योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन नालों और अधूरी सड़कों की स्थिति ने जल निकासी को और बिगाड़ा। नगर निगम और जलकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं, पंपिंग स्टेशन चलाए गए, लेकिन लोगों को घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ी। सवाल यह उठता है कि हर साल की तरह मानसून से पहले की “तैयारियों” के दावे इस बार भी कागजों में ही क्यों रह गए? साफ है कि जब तक जवाबदेही तय नहीं होगी, तब तक अलीगढ़ का यही हाल रहेगा।













