• Home
  • अलीगढ
  • एएमयू के संस्थानों और विद्यालयों में उत्साह के साथ मनाया गया राष्ट्रीय खेल दिवस
Image

एएमयू के संस्थानों और विद्यालयों में उत्साह के साथ मनाया गया राष्ट्रीय खेल दिवस

अलीगढ़, 1 सितम्बरः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के विभिन्न संस्थानों और विद्यालयों में राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 को हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रमों का उद्देश्य हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की विरासत को स्मरण करना और फिटनेस, टीम भावना एवं समावेशिता का संदेश प्रसारित करना था।

डॉ. जियाउद्दीन अहमद डेंटल कॉलेज में प्राचार्य प्रो. आर. के. तिवारी के मार्गदर्शन में तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसकी शुरुआत हादी हसन हॉल में कैरम प्रतियोगिता से हुई, जिसे खेल सचिव (लड़के) कैफ ने आयोजित किया। दूसरे दिन शिक्षकों, छात्रों और कर्मचारियों के लिए 300 मीटर ब्रिस्क वॉक कराया गया। समापन दिवस पर बेगम अज़ीज़ुन निशा हॉल में बैडमिंटन टूर्नामेंट हुआ, जिसे खेल सचिव अतिया शादाब ने सफलतापूर्वक आयोजित किया। प्रो. तिवारी ने खेल सचिवों के प्रयासों की सराहना की और छात्रों, शिक्षकों व कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी को सराहा। उन्होंने कहा कि फिटनेस, सौहार्द और अनुशासन स्वस्थ और समावेशी समाज के निर्माण के लिए आवश्यक हैं।

अहमदी स्कूल फॉर द विज़ुअली चैलेंज्ड ने भी तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें रस्साकशी, लूडो और शतरंज जैसी पारंपरिक खेल गतिविधियाँ शामिल थीं। साथ ही, “एक घंटा खेल के मैदान में” विषय पर फिटनेस वार्ता भी हुई। अंतिम दिन योग, साइक्लिंग और एक किलोमीटर वॉकाथन आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रमों का सफल आयोजन खेल प्रभारी सना रज़ा और सैयद शाहरुख़ हुसैन ने प्राचार्या डॉ. नायला राशिद के नेतृत्व में किया। डॉ. राशिद ने छात्रों और कर्मचारियों को पूरे मन से भागीदारी के लिए प्रेरित किया। समापन पर यह संदेश दिया गया कि खेल फिटनेस, अनुशासन और एकता को बढ़ावा देते हैं और “खेलेंगे देश, खिलेंगे देश” की भावना को जीवंत करते हैं।

सैयद हामिद सीनियर सेकेंडरी स्कूल (ब्वॉयज़) में प्राचार्य सबाहुद्दीन ने तीन दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसमें टेबल टेनिस, शतरंज और फुटबॉल प्रतियोगिताएँ शामिल थीं। सभी तीन प्रतियोगिताओं में ज़फ़र इक़बाल पैंथर्स विजेता रहे, जबकि भगत सिंह राइडर्स फुटबॉल और शतरंज में उपविजेता रहे। कुल अंकों के आधार पर भगत सिंह राइडर्स ने ध्यानचंद ट्रॉफी जीती, जिसे प्रो. मोहम्मद आज़म ख़ान (उप निदेशक, डीएसई) और डॉ. मोहम्मद अब्दुल क़ादिर (सहायक निदेशक, डीएसई) ने प्रदान किया। पुरस्कार वितरण समारोह में प्रो. आज़म ख़ान ने छात्रों को मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लेने की प्रेरणा दी, जबकि डॉ. अब्दुल क़ादिर ने शिक्षकों और छात्रों के योगदान की सराहना की। उप-प्रधानाचार्य मोहम्मद जावेद ख़ान ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया और कार्यक्रम का संचालन ग़ुफ़रान अहमद (पीजीटी, राजनीति विज्ञान) ने किया।

एएमयू एबीके हाई स्कूल (गर्ल्स) में भी 29 से 31 अगस्त तक खेल गतिविधियों का आयोजन हुआ। अंतिम दिन साइक्लिंग कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उप-प्रधानाचार्या डॉ. सबा हसन ने प्रतिभागियों का नेतृत्व किया और छात्राओं को फिटनेस को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

एएमयू के संस्थानों और विद्यालयों में आयोजित इन उत्साहपूर्ण कार्यक्रमों ने टीम भावना, फिटनेस और खेलभावना के मूल्यों को सुदृढ़ किया और मेजर ध्यानचंद की प्रेरणादायी विरासत को स्मरण कराया, जो पीढ़ी-दर-पीढ़ी नई ऊर्जा देती है।

Releated Posts

बकाया ई-चालान पर वाहन हो सकता है जब्त

सुप्रीम कोर्ट ने राज्यों को वसूली के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए अलीगढ़। सुप्रीम कोर्ट ने…

ByByHindustan Mirror News Oct 1, 2026

रेडिएंट स्टार्स इंग्लिश स्कूल में POCSO Act के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक

हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ : अलीगढ़। रेडिएंट स्टार्स इंग्लिश स्कूल में मंगलवार को विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा एवं उनके…

ByByHindustan Mirror News Sep 29, 2026

यूपी में नहीं चलेंगे हुक्का बार, हाईकोर्ट ने खारिज की स्मोकिंग एरिया की दलील

हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ : हुक्का तैयार करना और उपकरण उपलब्ध कराना भी सर्विस का हिस्सा, गैर-धूम्रपान करने वालों…

ByByHindustan Mirror News Sep 29, 2026

तेज हवा के साथ हुई बारिश से कई इलाकों में फसल को नुकसान, मंडियों में भीगा धान; 72 घंटे में फसल क्षति की सूचना देने की अपील

अलीगढ़, हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ :। शुक्रवार रात शुरू हुई हल्की बारिश आधी रात के बाद रिमझिम और शनिवार…

ByByHindustan Mirror News Sep 27, 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *