हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
सीपी राधाकृष्णन ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में भारत के 15वें उपराष्ट्रपति पद की शपथ ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, वेंकैया नायडू, हामिद अंसारी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई, जिसके बाद निर्वाचन प्रमाण पत्र पढ़ा गया। राधाकृष्णन ने धनखड़ की जगह ली है, जिन्होंने स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा दिया था। उपराष्ट्रपति चुनाव में राधाकृष्णन को 452 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंदी बी. सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट प्राप्त हुए। उपराष्ट्रपति का कार्यकाल पांच वर्ष का होता है और वह राज्यसभा के पदेन सभापति भी होते हैं।
तमिलनाडु के तिरुप्पुर में जन्मे राधाकृष्णन आरएसएस से सार्वजनिक जीवन में आए। 1974 में वे जनसंघ की राज्य कार्यकारिणी में शामिल हुए। 1996 में भाजपा के राज्य सचिव बने और 1998 व 1999 में कोयंबटूर से सांसद चुने गए। 2004 से 2007 तक उन्होंने भाजपा तमिलनाडु इकाई की कमान संभाली। 2020-22 के बीच वे केरल भाजपा के प्रभारी रहे। फरवरी 2023 में वे झारखंड के राज्यपाल बने और जुलाई 2024 में महाराष्ट्र के राज्यपाल पद संभाला। अब उन्होंने उपराष्ट्रपति के रूप में नई जिम्मेदारी संभाली है।













