इटावा में शादी के घर पर हमला: दूल्हे और परिजनों पर ट्रैक्टर चढ़ाने का आरोप
हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
घोड़ी चढ़ने से पहले मचा हड़कंप
उत्तर प्रदेश के उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के जैतपुरा गांव में शुक्रवार को शादी की खुशियां उस समय चीख-पुकार में बदल गईं, जब एक दबंग युवक ने कथित रूप से दूल्हे और उसके परिवार पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। घटना पक्षायगांव थाना क्षेत्र की है। जिस घर से दूल्हा घोड़ी चढ़कर भरथना बारात लेकर जाने वाला था, वहां अचानक अफरा-तफरी मच गई। टेंट लगा था, मेहमान जुटे थे और बारात की तैयारी चल रही थी, तभी यह सनसनीखेज वारदात हो गई।
दुश्मनी में जानलेवा हमले का आरोप
घायल बुआ राधा और बहन ममता ने आरोप लगाया कि गांव के ही एक युवक ने पुरानी रंजिश के चलते ट्रैक्टर को घर के बाहर खड़े लोगों की ओर मोड़ दिया। किसी को संभलने का मौका नहीं मिला और ट्रैक्टर लोगों पर चढ़ा दिया गया। परिजनों का कहना है कि आरोपी ने फायरिंग भी की, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हमले में दूल्हा, उसके पिता और बुआ गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से तीनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
गांव में तनाव, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। थानाध्यक्ष सुधीर सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर से टक्कर मारने की शिकायत मिली है और जांच की जा रही है। फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने पर नामजद मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। गांव में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और आरोपी की तलाश जारी है।
शादी का जो आंगन खुशियों से गूंज रहा था, वहां अब सदमे और डर का माहौल है। परिवार ने न्याय की मांग की है।

















