हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ :
पुलिस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल, हत्या की वजह और नेटवर्क की जांच तेज
शामली। हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में पुलिस को अहम सुराग मिलने के बाद सोमवार तड़के बड़ी कार्रवाई हुई। शामली के सदर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस और संदिग्ध बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में अंकित की हत्या के दो संदिग्ध आरोपी सुमित और मोहित मारे गए। कार्रवाई के दौरान दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी सूचना है। दोनों आरोपियों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, अंकित की हत्या के खुलासे के लिए SWAT, सर्विलांस टीम के साथ सभी थाना प्रभारियों, एएसपी और सिटी व कैराना क्षेत्र के सीओ को जांच में लगाया गया था। अपराधियों की धरपकड़ के लिए रात 12 बजे से सुबह छह बजे तक जिले में विशेष नाकेबंदी के निर्देश दिए गए थे।
पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब चार बजे हिजाना थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना अपने थाने के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान करनाल की ओर से बाइक पर आए दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली पुलिस वाहन में लगी। इसके बाद वायरलेस पर सूचना प्रसारित कर जिले की अन्य टीमों को अलर्ट किया गया।
मन्ना मादरा पुल के पास भी पुलिस ने बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने दोबारा फायरिंग कर दी। पुलिस वाहन का विंडशील्ड भी क्षतिग्रस्त हुआ। बाद में SWAT, सर्विलांस और अन्य पुलिस टीमों ने घेराबंदी की। मुठभेड़ के बाद दोनों संदिग्ध घायल अवस्था में मिले।
जिम के बाहर मारी गई थी गोली
अंकित बालियान की 26 अगस्त की शाम शामली के आर्यपुरी इलाके में जिम से बाहर निकलते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। अब दो संदिग्ध आरोपियों के मारे जाने के बाद पुलिस हत्या की वजह, हमलावरों के नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
कबड्डी से संगीत तक बनाया मुकाम
अंकित करीब 2013-14 तक प्रदेश स्तर पर कबड्डी खेलते थे, लेकिन पैर में गंभीर चोट के बाद खेल छोड़ना पड़ा। इसके बाद उन्होंने जिम और फिटनेस पर ध्यान दिया और करीब 2022 में हरियाणवी संगीत जगत में सक्रिय हुए। गायन के अलावा उन्होंने एक्टिंग, गीत लेखन, कंपोजिंग और म्यूजिक प्रोडक्शन में भी काम किया। उनके कई गानों को लाखों-करोड़ों व्यूज मिले थे। परिवार के मुताबिक, वह 20 से अधिक नए प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे और बॉलीवुड में कदम रखने की तैयारी में थे।
#AnkitBaliyan #Shamli #Encounter #HaryanaSinger #CrimeNews

















