अलीगढ़, मडराक थाना क्षेत्र:
अलीगढ़ जिले के मडराक थाना क्षेत्र के गांव आसना अजीतपुर से सामने आया है। यहां एक 11 वर्षीय किशोरी अपने पिता की हरकतों से तंग आकर खुद पुलिस चौकी पहुंच गई। बच्ची ने दरोगा से शिकायत करते हुए बताया कि उसका पिता रोज शराब पीकर घर आता है और फिर मां के साथ मारपीट करता है। इतना ही नहीं, वह बच्चों को भी बेरहमी से पीटता है।
बच्ची की हिम्मत देख दंग रह गए पुलिसकर्मी
यह घटना 20 अप्रैल की शाम की है, जब बच्ची आसना चौकी पर पहुंची और अकेले ही अपने पिता की शिकायत दर्ज कराने की हिम्मत दिखाई। बच्ची ने पुलिस को बताया कि उसके पिता की हरकतों से पूरा घर परेशान है। पिता शराब के नशे में धुत होकर रोज घर आता है, गाली-गलौज करता है, मां को मारता है और बच्चों को भी नहीं छोड़ता।
दरोगा ने लिया संज्ञान, पहुंचे मौके पर
किशोरी की बात सुनते ही चौकी इंचार्ज ने तुरंत मामले को गंभीरता से लिया। वे बच्ची के साथ उसके घर पहुंचे और पिता को जमकर फटकार लगाई। साथ ही चेतावनी दी कि यदि आगे से ऐसी हरकत की गई, तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बच्ची को दी गई सुरक्षा का भरोसा
दरोगा ने बच्ची को भरोसा दिलाया कि वह निडर होकर कभी भी चौकी आ सकती है। अगर उसके पिता फिर से ऐसा व्यवहार करते हैं, तो पुलिस उसके साथ खड़ी है।















