हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑16 मई : 2025
अलीगढ़, 16 मई 2025: विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में डीएम सख्त, अधिकारियों को दिए निर्देश
अलीगढ़ जिले के समग्र विकास को गति देने और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी के उद्देश्य से जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से जिले में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक की शुरुआत में क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी के बिना अनुमति के अनुपस्थित रहने पर डीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी अधिकारी बिना पूर्व अनुमति के जिला मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। जिलाधिकारी ने दोटूक शब्दों में कहा कि विकास कार्यों की प्रगति में किसी भी प्रकार की शिथिलता सहन नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि विकास एवं निर्माण कार्यों का लाभ जल्द से जल्द आमजन को उपलब्ध कराया जाए।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति को लेकर डीएम ने निर्देश दिए कि वेंडर्स की संख्या बढ़ाई जाए। इसके साथ ही बीएसए से समन्वय करते हुए निजी स्कूलों में रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने की संभावना तलाशने को कहा गया। इसके अलावा प्रत्येक ब्लॉक में एक-एक गांव को ‘सोलर विलेज’ के रूप में चिन्हित करने के निर्देश बीडीओ को दिए गए।
पं. दीनदयाल उपाध्याय स्ट्रीट लाइट योजना के अंतर्गत सांसद और विधायकों से प्रस्ताव आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए ताकि योजना का लाभ आमजन तक शीघ्र पहुंच सके। ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई के लिए बिजली आपूर्ति कम होने की शिकायत पर डीएम ने रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के आदेश दिए।
सहभागिता योजना के अंतर्गत 100-100 गौवंशों के लक्ष्य को पूरा करने के लिए बीडीओ को ग्राम प्रधान व सचिवों के माध्यम से लंबित आवेदनों का निस्तारण शीघ्र कराने को कहा गया। वहीं जल जीवन मिशन की धीमी प्रगति (पिछले महीने की तुलना में केवल 0.6% वृद्धि) पर गंभीर नाराजगी जताई गई और कार्यशैली में सुधार लाने का निर्देश दिया गया।
डीएम ने बताया कि जिले में 1000 वृक्षारोपण स्थलों की पहचान की गई है, जिनमें से 46 स्थानों पर वृहद पौधरोपण किया जाएगा। सर्वाधिक वृक्षारोपण बिजौली ब्लॉक के शेखूपुर सटकना में किया जाएगा, जहां 16,000 पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने सीएसआर फंड से पौधों की जीवितता के लिए सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने को भी कहा। जिला उद्यान अधिकारी को लेमन ग्रास एवं औषधीय खेती को बढ़ावा देने का निर्देश दिया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी कृष्णकांत राय ने सुझाव दिया कि जैसे टीबी मरीजों को गोद लेने की व्यवस्था है, वैसे ही कुपोषित एवं अतिकुपोषित बच्चों को भी अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि गोद लें। डीएम ने इस पर विस्तृत प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य, शिक्षा, जल आपूर्ति, सड़क निर्माण, पीएम आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन आदि योजनाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए डीएम ने निर्देश दिए कि नए लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए अभी से कार्ययोजना तैयार की जाए।
सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित आंकड़ों के अनुसार:
- 47 परियोजनाएं A+ श्रेणी
- 4 परियोजनाएं B श्रेणी
- 6 परियोजनाएं C श्रेणी
- 3 परियोजनाएं D श्रेणी
- 3 परियोजनाएं E श्रेणी
इस आधार पर जिले को प्रदेश में 66वां स्थान प्राप्त हुआ है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, डीडीओ आलोक आर्य, पीडी भालचंद त्रिपाठी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी चंद्रभान चौधरी, डीआईओएस डॉ. सर्वदानंद, और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी – नगर निगम, पंचायतीराज, पशुपालन, सिंचाई, समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, प्रोबेशन विभाग व अधिशासी अभियंता मौजूद रहे।

















