हिन्दुस्तान मिरर न्यूज: 6 अप्रैल : 2025:लखनऊ,
लखनऊ: ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) ने वक्फ संशोधन बिल के विरोध में देशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। AIMPLB ने इस बिल को इस्लामिक मूल्यों, शरीयत, धार्मिक स्वतंत्रता और सांविधानिक ढांचे पर हमला बताया है। यह बिल हाल ही में संसद के दोनों सदनों से पारित हुआ है।

AIMPLB के अनुसार, आंदोलन का पहला चरण दिल्ली से शुरू होगा, जिसमें प्रमुख धार्मिक और सामाजिक संगठनों की भागीदारी रहेगी। इस दौरान देश के विभिन्न राज्यों की राजधानियों में विरोध प्रदर्शन, लखनऊ समेत प्रमुख शहरों जैसे मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद, पटना, रांची और चेन्नई में बड़े पैमाने पर प्रोटेस्ट कार्यक्रम आयोजित होंगे।

बोर्ड ने आंदोलन के दौरान सभी से संयम और शांति बनाए रखने की अपील की है और यह भी कहा है कि आंदोलन पूरी तरह संवैधानिक ढांचे के भीतर होगा। AIMPLB ने यह भी स्पष्ट किया कि विरोध सिर्फ सड़कों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सुप्रीम कोर्ट में भी इन संशोधनों को चुनौती दी जाएगी।

















